बुलंद सोच, श्योपुर।
कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने विधानसभा में चीतों से संबंधित प्रश्न उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों के भोजन के नाम पर घोटाला किया गया है, जिसमें कम वजन के मांस को अधिक वजन दिखाकर अनियमितता बरती गई है। विधायक जंडेल ने टेंडर प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए थे।
सरकार ने विधायक के इन सवालों को निराधार बताते हुए स्पष्ट किया कि कूनो में किसी प्रकार का कोई घोटाला नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा में लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए जानकारी दी कि श्योपुर जिले में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों के भोजन पर तीन वर्षों में कुल 1 करोड़ 89 लाख 92 हजार 826 रुपये खर्च किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने लिखित जवाब में यह भी बताया कि इन तीन वर्षों के दौरान कुल 54,411.36 किलोग्राम भैंस और बकरे का मांस खरीदा गया।
चहेते ठेकेदार को मनमानी तरीके से टेंडर स्वीकृत करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिवर्ष एमपी टेंडर पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन और निष्पक्ष टेंडर शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अंतर्गत आमंत्रित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि सप्लायर का चयन प्रतिस्पर्धा के माध्यम से किया जाता है, ऐसे में चहेते ठेकेदार को टेंडर स्वीकृत करने का प्रश्न ही नहीं उठता।

