BREAKING NEWS
2026-07-24

उपभोक्ता आयोग ने आदित्य बिरला हेल्थ इंश्योरेंस को ब्याज सहित 1.07 लाख रुपये चुकाने का आदेश दिया

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

आदित्य बिरला हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी को एक बीमाधारक का मेडिक्लेम मनमाने ढंग से निरस्त करना महंगा पड़ गया। जिला उपभोक्ता आयोग ने कंपनी को 1,07,613 रुपये सात प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित अदा करने और मानसिक कष्ट व वाद व्यय के रूप में 7,000 रुपये अतिरिक्त देने का आदेश दिया है। आयोग ने माना कि कंपनी ने बिना किसी ठोस साक्ष्य और स्पष्ट कारण के दावा खारिज कर सेवा में कमी की।

Advertisement

जिला उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष पंकज यादव व सदस्य अमित सिंह तिवारी और सोनल पंडित की तीन सदस्यीय पीठ ने यह आदेश जबलपुर निवासी रोहित जैन की ओर से दायर परिवाद पर पारित किया।

बीमाधारक का पक्ष

परिवादी की ओर से अधिवक्ता अरुण जैन ने पक्ष रखा। परिवादी ने बताया कि उसने आदित्य बिरला हेल्थ इंश्योरेंस की ग्रुप एक्टिव हेल्थ फैमिली फ्लोटर पालिसी ले रखी थी।

अगस्त-सितंबर, 2020 में न्यूमोनाइटिस के उपचार के लिए लाइफ मेडिसिटी हास्पिटल, जबलपुर में भर्ती होने पर उसके इलाज में 1.07 लाख रुपये से अधिक खर्च हुए थे।

प्रतिपूर्ति का दावा करने पर बीमा कंपनी ने अस्पताल में भर्ती के दौरान लैप्सेस एंड डिस्क्रेपेंसी का हवाला देते हुए 20 मार्च, 2021 को दावा निरस्त कर दिया था।

आयोग की टिप्पणियाँ

जिला उपभोक्ता आयोग ने अपने आदेश में कहा कि न तो दावा निरस्ती पत्र में इसका स्पष्ट उल्लेख किया गया और न ही आयोग के समक्ष कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किया गया।

रिकार्ड पर उपलब्ध डिस्चार्ज समरी और उपचार संबंधी दस्तावेज वास्तविक इलाज की पुष्टि करते हैं।

आयोग ने माना कि अस्पष्ट और मनमाने आधार पर वास्तविक बीमा दावा निरस्त करना उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत सेवा में कमी है।

भुगतान का विवरण

आयोग ने बीमा कंपनी को उपचार पर खर्च हुई 1,07,613 रुपये की राशि 20 मार्च 2021 से भुगतान की तिथि तक सात प्रतिशत वार्षिक ब्याज सहित अदा करने का आदेश दिया।

मानसिक कष्ट के लिए पांच हजार रुपये और वाद व्यय के लिए दो हजार रुपये देने के निर्देश दिए।

आदेश की पालना 45 दिन के भीतर करने को कहा गया।