बुलंद सोच, जबलपुर।
मंगलवार को जबलपुर में नर्सिंग स्टाफ अपनी लंबित मांगों के समर्थन में दो घंटे का शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेगा। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज की नर्सिंग ऑफिसर डीन कार्यालय के सामने काली पट्टी बांधकर धरना देंगी।
यह प्रदर्शन मेडिकल एंड हेल्थ नर्सिंग एसोसिएशन, मध्य प्रदेश के बैनर तले आयोजित किया जाएगा। विरोध प्रदर्शन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा।
इस प्रदर्शन में 600 से अधिक नर्सिंग ऑफिसर के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान सांकेतिक रूप से कार्य बहिष्कार भी किया जाएगा।
एसोसिएशन का कहना है कि शासन स्तर पर कई बार पत्राचार और मांगों के निराकरण की मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो अगले महीने से अनिश्चितकालीन हड़ताल कर पूर्ण कामबंदी की जाएगी।
नर्सिंग स्टाफ की प्रमुख मांगों में नर्सिंग ऑफिसर के रिक्त पदों पर नियुक्ति, लंबित कर्मचारी कोड जारी करना, और चिकित्सा शिक्षकों की तर्ज पर सातवें वेतनमान का लाभ शामिल है।
इसके अतिरिक्त, तीन से चार समयमान वेतनमान की सुविधा तथा वर्ष 2011 में भर्ती नर्सिंग ऑफिसर को समयमान वेतनमान के एरियर का भुगतान भी इन मांगों में सम्मिलित है।

