बुलंद सोच, नागदा जंक्शन।
रविवार की रात्रि नागदा जंक्शन स्थित रतलाम रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन अखिलेश परमार शराब के नशे में धुत होकर ड्यूटी पर था। उसने लगभग एक घंटे तक रेलवे फाटक नहीं खोला, जिसके परिणामस्वरूप पांच ट्रेनें फाटक से गुजर गईं।
फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और वाहन चालक तथा अन्य लोग परेशान होते रहे। जब लोगों ने मौके पर जाकर देखा, तो गेटमैन अखिलेश परमार होश में नहीं था और फाटक खोलने के लिए कहने पर भी उसने कोई जवाब नहीं दिया।
इसकी जानकारी केबिन पर दी गई, जिसके बाद फाटक खोला जा सका। सूचना मिलने पर रेलवे विभाग के अधिकारी ने उक्त गेटमैन को नौकरी से हटा दिया है।
नागदा जंक्शन के स्टेशन मास्टर मुंशीलाल मीणा ने पुष्टि की कि शराब के नशे में ड्यूटी पर तैनात गेटमैन को नौकरी से हटा दिया गया है।
यह भी बताया गया है कि इस फाटक पर तैनात गेटमैन अक्सर रात्रि में शराब के नशे में ड्यूटी पर रहते हैं। इस संबंध में अधिकारियों से कई बार शिकायतें भी की गई हैं, लेकिन मामलों को गंभीरता से नहीं लिया गया।
उक्त फाटक पर तैनात गेटमैन कई बार मनमानी करते हुए 4-5 ट्रेनें निकलने के बाद भी फाटक नहीं खोलते हैं। नियम के अनुसार, अप और डाउन दोनों लाइनों से ट्रेनें गुजरने के बाद फाटक तुरंत खोला जाना चाहिए।

