BREAKING NEWS

जबलपुर के शिलपुरी में आंगनबाड़ी से लौटे दो मासूम नाले में डूबे

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, जबलपुर।

जबलपुर के बरेला थाना क्षेत्र स्थित ग्राम शिलपुरी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ आंगनबाड़ी केंद्र से छुट्टी के बाद दोस्तों के साथ नहाने गए दो मासूम बच्चों की नाले में डूबने से असमय मृत्यु हो गई। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में गहरा शोक छा गया है।

Advertisement

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम शिलपुरी निवासी छह वर्षीय साहिल परस्ते, पिता सुकराम, और पांच वर्षीय रोमिक पट्टा, पिता रोहन, प्रतिदिन की तरह आंगनबाड़ी गए थे।

दोपहर करीब दो बजे आंगनबाड़ी से छुट्टी होने के बाद दोनों बच्चे अपने अन्य बाल मित्रों के साथ गांव के पास स्थित नाले में नहाने चले गए। नहाते समय दोनों मासूमों को गहराई का अंदाजा नहीं रहा और वे गहरे पानी में जाकर डूबने लगे।

जब काफी देर तक बच्चे अपने घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों को चिंता हुई और ग्रामीणों ने उनकी खोजबीन शुरू की। नाले के समीप पहुंचे ग्रामीणों को बच्चों के डूबने की आशंका हुई, जिसके बाद तुरंत बरेला थाना पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई।

लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकालकर उपचार के लिए निकटतम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूर्ण कर दोनों मासूमों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

बरेला थाना पुलिस का कहना है कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के वक्त मौके पर क्या स्थितियां थीं।