बुलंद सोच, श्योपुर।
मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क और श्योपुर-मुरैना के वन मंडल के जंगलों से 10 तेंदुओं का शिकार करने में सात अन्य शिकारी लिप्त पाए गए हैं। इन शिकारियों को वन विभाग और एसटीएसएफ के संयुक्त दल ने गिरफ्तार किया है। ये सभी शिकारी श्योपुर जिले के विजयपुर इलाके के झार बरौदा गांव के रहने वाले हैं। उन्हें शिवपुरी की विशेष अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के आगरा इलाके में 10 तेंदुओं की खाल के साथ गिरफ्तार किए गए चार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर की गई है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को आगरा के सैया क्षेत्र में एक होटल से 10 तेंदुओं की खाल और भारी मात्रा में हड्डियों सहित अन्य अवशेष के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। श्योपुर जिले के इन सात शिकारियों से तेंदुए की हड्डियां, अन्य अवशेष और शिकार में उपयोग किए जाने वाले पंजा आदि भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में इकराम, लज्जाराम, गोपाल, महेश आदिवासी, प्रकाश, हुब्बा और गब्बर शामिल हैं। इन्हें एसटीएफ के लिए अधिकृत विशेष न्यायालय शिवपुरी में पेश कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि शिकारियों और वन्यजीवों की खाल तथा अन्य तस्करों से उनके तार जुड़े होने का पता लगाया जा सके। पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ डॉ. समीता राजौरा ने बताया कि वन्यजीव तेंदुओं का शिकार करने वाले सात अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर विशेष अदालत में पेश कर पूछताछ की जा रही है।

