BREAKING NEWS
2026-08-02

खरगोन में भीषण सड़क हादसा: दो युवकों की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, खरगोन।

जिले के कसरावद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेलानी बायपास पर शनिवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना के तुरंत बाद बाइक में आग लग गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में बाइक सवार जयंत वर्मा, निवासी बिस्टान रोड खरगोन, और लक्की सोनगर, निवासी खरगोन, की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कसरावद पुलिस और स्थानीय ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों की मदद से स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
पुलिस यह पता लगा रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई। इस हृदयविदारक हादसे से दोनों मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं क्षेत्र में भी घटना को लेकर गहरा दुख व्याप्त है।

Advertisement

खंडवा में किशोर की कुएं में डूबने से मौत

खंडवा जिले के मूंदी थाना क्षेत्र के ग्राम गुलगांव रैयत में 14 वर्षीय किशोर की कुएं में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कान्हा पिता शैतान सिंह (14) शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे घर से निकला था। वह गांव के अन्य बच्चों के साथ कुएं में नहाने गया था।
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि उसके साथ कुछ अन्य बच्चे भी मौजूद थे। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में डूब गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन रात में अंधेरा होने के कारण उसे बाहर निकालने के प्रयास सफल नहीं हो सके।
शनिवार सुबह कुएं का पानी खाली कराने के बाद किशोर का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया।
मूंदी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है।