बुलंद सोच, भोपाल।
रविवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। भोपाल और इंदौर समेत मध्य इलाकों में धूप-छांव के बीच बौछारें पड़ीं।
इंदौर में शाम साढ़े पांच बजे तक पांच मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। आसमान पर छाए बादलों के कारण प्रदेश का मौसम सुहाना बना हुआ है।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने सीधी, सिंगरौली, मंडला, डिंडोरी, जबलपुर, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
भोपाल, इंदौर, सीहोर, विदिशा, देवास, धार, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, नरसिंहपुर और कटनी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
अधिकतम तापमान की बात करें तो भोपाल में 28.7 डिग्री सेल्सियस, इंदौर में 28.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर में 34.2 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर में 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसमी प्रणालियां और प्रभाव
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, वर्तमान में मानसून ट्रफ सीधी से होकर गुजर रही है। साथ ही, राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है।
चार अगस्त से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है।
इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में मानसून की गतिविधियां बेहद मजबूत रहने वाली हैं।
चक्रवाती घेरे और ट्रफ लाइन के सीधे असर से ग्वालियर-चंबल संभाग, रीवा और सीधी में मूसलधार बरसात की संभावना है।
वहीं, अरब सागर और गुजरात तट से मिल रही नमी के कारण भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में रुक-रुक कर बौछारों का सिलसिला जारी रहेगा।

