बुलंद सोच, भोपाल।
सावन माह के आरंभ से ही प्रदेश में वर्षा का सिलसिला जारी है। बीते दो दिनों से रुक-रुककर वर्षा हो रही है। बुधवार को भोपाल सहित पूरे प्रदेश में कहीं रिमझिम तो कहीं जोरदार वर्षा दर्ज की गई।
वर्तमान में मानसूनी द्रोणिका गुना और दमोह के पास से होकर गुजर रही है, वहीं उत्तर-मध्य हिस्से में ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है। इन दो मजबूत मौसम प्रणालियों के कारण पूरे प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां जारी हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिन तक वर्षा का यह सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विज्ञानी एस.एन. साहू ने बताया कि सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण इस सप्ताह प्रदेश में अच्छी वर्षा होने की संभावना है। अगले पांच दिन तक कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ अचानक तेज व भारी वर्षा हो सकती है।
लगातार हो रही वर्षा और बादलों के जमावड़े के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हुई है। इसके साथ ही रात का तापमान भी सामान्य या उससे कम बना हुआ है।
प्रमुख शहरों में वर्षा
बुधवार शाम साढ़े पांच बजे तक सीहोर जिले के अहमदपुर में सर्वाधिक 133 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो लगभग पांच इंच से अधिक है।
सिवनी में 119 मिलीमीटर (लगभग साढ़े चार इंच से अधिक), राजगढ़ में 39 मिलीमीटर, सीधी में 29 मिलीमीटर और दमोह में 26 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
अन्य शहरों में दर्ज वर्षा के आंकड़े इस प्रकार हैं: बैतूल में 8.0 मिमी, भोपाल में 11.0 मिमी, छिंदवाड़ा में 16.0 मिमी, धार में 11.0 मिमी, गुना में 0.1 मिमी, ग्वालियर में 0.4 मिमी, नर्मदापुरम में 10.0 मिमी, इंदौर में 2.0 मिमी, मंडला में 9.0 मिमी, रायसेन में 8.0 मिमी, रतलाम में 3.0 मिमी, रीवा में 2.0 मिमी, सागर में 0.4 मिमी, सतना में 0.9 मिमी, श्योपुर में 7.0 मिमी, उज्जैन में 4.0 मिमी और उमरिया में 9.0 मिमी। ये आंकड़े शाम 5:30 बजे तक की स्थिति के हैं, स्रोत मौसम विभाग है।
प्रमुख शहरों का तापमान
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान इस प्रकार रहा: भोपाल में अधिकतम 26.0°C और न्यूनतम 23.6°C, इंदौर में अधिकतम 27.2°C और न्यूनतम 23.0°C, ग्वालियर में अधिकतम 33.5°C और न्यूनतम 26.7°C, तथा जबलपुर में अधिकतम 29.4°C और न्यूनतम 24.0°C दर्ज किया गया।
बारिश से संबंधित घटनाएँ
सिवनी में बीते 12 घंटे के दौरान 151 मिलीमीटर (6 इंच) वर्षा हुई, जिससे बरघाट, केवलारी, उगली और छपारा में सड़कें तालाब बन गईं। वैनगंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से लखनवाड़ा घाट और पुराना पुल जलमग्न हो गया।
सिवनी के हरिदर्शन नगर के पास उफनते नाले में चार वर्षीय ऋषि यादव और उसकी मां सुनीता यादव बह गए। क्षेत्रवासियों ने सुनीता को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन ऋषि की मौत हो गई।
मंडला में भी जोरदार वर्षा होने से नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है।
सिंगरौली के देवसर जनपद की ग्राम पंचायत बेलगांव में तेज वर्षा के कारण करीब 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो चेकडैम बह गए। ये चेकडैम वर्ष 2026 में हाड़ाहिया नाला पर लगभग 15-15 लाख रुपये की लागत से बनाए गए थे। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कलेक्टर गौरव बैनल को ज्ञापन सौंपा है और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
