BREAKING NEWS
2026-08-02

महाराजपुरा थाने में भाजपा नेता पर पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी, सरकारी काम में बाधा डालने की FIR दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, ग्वालियर।

महाराजपुरा थाना पुलिस ने पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी और अभद्रता करने के आरोप में सेवानिवृत्त फौजी एवं भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक अरविंद तोमर व उनके एक साथी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
अरविंद तोमर सैनिक कल्याण संगठन के पूर्व संभागीय अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
यह घटना तब हुई जब अरविंद तोमर एक सेवानिवृत्त फौजी की सिफारिश करने के लिए महाराजपुरा थाने पहुंचे थे।
थाने के अंदर उन्होंने एचसीएम प्रमोद गौतम और अन्य पुलिसकर्मियों से अभद्रता की, उन्हें गालियां दीं और झूमाझटकी भी की।

Advertisement

पूर्व में भी की थी बदसलूकी

पुलिस के अनुसार, अरविंद तोमर और उनके साथी इससे पहले बहोड़ापुर थाने में भी थाना प्रभारी कक्ष में बदसलूकी कर चुके हैं।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

जमीन विवाद का मामला

यह मामला महाराजपुरा थाना क्षेत्र के ओम नगर में रहने वाले रवि गुर्जर और कप्तान सिंह गुर्जर के बीच जमीन के विवाद से संबंधित है, जिसमें मारपीट हुई थी।
इस विवाद के दौरान रवि गुर्जर की ओर से गोलियां चलाई गईं, जबकि कप्तान सिंह, सेवानिवृत्त फौजी रामहेत तोमर और अन्य लोगों द्वारा मारपीट की गई थी।
इस मामले में महाराजपुरा थाना पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की थी।
कप्तान सिंह के समर्थन में ही भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक अरविंद तोमर अपने साथियों के साथ थाने पहुंचे थे।

पुलिस का बयान

महाराजपुरा सर्किल के सीएसपी नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि महाराजपुरा थाने में अरविंद तोमर और उनके साथियों पर सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।