BREAKING NEWS
2026-08-05

नीमच में प्रॉपर्टी व्यवसायी का अपहरण, 25 लाख रुपये वसूले

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, नीमच।

शहर के एक प्रॉपर्टी व्यवसायी का फायदे का सौदा बताने का झांसा देकर अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। अपहरणकर्ताओं ने व्यवसायी से 25 लाख रुपये की वसूली भी की है। अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छूटे व्यवसायी ने चार लोगों पर बंधक बनाकर मारपीट करने और 50 लाख रुपये की फिरौती मांगने के आरोप लगाए हैं। नीमच सिटी पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह सनसनीखेज और हाई प्रोफाइल मामला 2 अगस्त का बताया जाता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एलआईसी चौराहा स्थित चेतक बिल्डिंग निवासी हर्षित पुत्र पूनमचंद चौपड़ा ने रविवार रात को अपने परिजनों के साथ नीमच सिटी थाना पहुंचकर एक शिकायती आवेदन दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया। प्रॉपर्टी व्यवसायी हर्षित चौपड़ा ने पुलिस को जानकारी दी है कि प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े कमलेश धनगर से उनका पुराना परिचय है। इसी परिचय का फायदा उठाते हुए कमलेश धनगर ने उन्हें राजस्थान के निंबाहेड़ा में एक जमीन का सस्ते में सौदा कराने की बात कही। साथ ही फायदे का सौदा बताकर मिलने के लिए मनासा रोड स्थित पीजी कॉलेज के पीछे की ओर बुलाया। इसके बाद कमलेश धनगर और प्रथम प्रजापति ने हर्षित को बलपूर्वक कार में बैठाया और निंबाहेड़ा ले गए। हर्षित चौपड़ा का आरोप है कि कार में निंबाहेड़ा से दो और युवक सवार हुए। इन चारों लोगों ने मिलकर उन्हें निंबाहेड़ा क्षेत्र में एक पत्थर खदान पर ले जाकर बंधक बनाया और मारपीट की। जान से मारने की धमकी देते हुए फिरौती में 50 लाख रुपये की अवैध मांग की। कमलेश धनगर, प्रथम प्रजापति और उनके साथियों की मारपीट से डरकर हर्षित ने अपने परिजनों के माध्यम से 15 लाख रुपये और निंबाहेड़ा में व्यवस्था कर 10 लाख रुपये दिए। कुल 25 लाख रुपये मिलने के बाद भी कमलेश और उनके साथियों द्वारा 25 लाख रुपये की फिरौती की और मांग की गई। रात के समय मौका पाकर हर्षित निंबाहेड़ा की पत्थर खदान से भागकर रानी खेड़ा चौराहा तक पहुंचे और जैसे-तैसे नीमच पहुंचकर परिजनों से संपर्क किया। इसके बाद उन्होंने देर रात नीमच सिटी थाने पहुंचकर शिकायत की है। नीमच सिटी टीआई विजय सागरिया ने बताया कि हर्षित चौपड़ा की शिकायत पर कमलेश धनगर, प्रथम प्रजापति व दो अन्य के खिलाफ अपहरण व मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है और जांच के बाद पूरे प्रकरण की स्थिति सामने आएगी।

Advertisement

मामले का हाई प्रोफाइल पहलू

हर्षित चौपड़ा जिले के नीमच और जावद में प्रभावशाली चौपड़ा परिवार से संबंध रखते हैं। वर्तमान में चौपड़ा परिवार की सदस्य स्वाति चौपड़ा नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष हैं, और उनके ससुर संतोष चौपड़ा भाजपा के बड़े नेता व समाजसेवी हैं। हर्षित चौपड़ा भी संतोष चौपड़ा के नजदीकी रिश्तेदार हैं, इस कारण अपहरण और मारपीट कर 50 लाख में से 25 लाख रुपये की फिरौती वसूलने के इस मामले को काफी हाई प्रोफाइल माना जा रहा है। पुलिस भी इस मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है।