BREAKING NEWS
2026-07-24

नीट पेपर लीक: मंत्री विजयवर्गीय के घर छात्रों का प्रदर्शन, दो गिरफ्तार; विधानसभा में कांग्रेस का हंगामा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

नीट पेपर लीक मामले को लेकर इंदौर में छात्रों का प्रदर्शन जारी है, जहां भंवरकुआं चौराहे पर युवाओं का विरोध तेज हो गया है। प्रदर्शनकारी हाथों में पोस्टर, बैनर और तख्तियां लेकर पेपर लीक मामले में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं तथा परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

बुधवार सुबह कुछ छात्र मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के घर विरोध प्रदर्शन करने पहुंच गए, जिनमें से दो छात्रों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। छात्रों का कहना था कि मंत्री विजयवर्गीय द्वारा छात्रों को ‘कीड़ा’ कहा गया है, जिसके विरोध में वे धरना देने पहुंचे थे।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, भंवरकुआं चौराहे पर चल रहा धरना बिना अनुमति के किया जा रहा है। पुलिस ने यह भी बताया कि प्रदर्शन में शामिल होने वाले लोगों की वीडियोग्राफी कराई जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

विधानसभा में कांग्रेस का हंगामा

इस बीच, दिल्ली के जंतर मंतर में युवाओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने बुधवार को विधानसभा में जमकर हंगामा किया। कांग्रेस नेताओं ने सदन के भीतर उठाए गए सवाल पर स्थगन प्रस्ताव को स्वीकार करने का आग्रह किया।

कांग्रेसी विधायकों ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर युवाओं को ‘कीड़े कॉकरोच’ बोलने का आरोप लगाया। इस पर सत्ता पक्ष की ओर से विश्वास सारंग सहित अन्य मंत्रियों ने विरोध जताते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं कहा गया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जो कुछ कहा गया है, वह रिकॉर्ड पर है, जिस बात को लेकर विधानसभा में जबरदस्त हंगामा हुआ।

कांग्रेस के सभी सदस्य अध्यक्ष के आसन के सामने आ गए, तो सत्ता पक्ष के भी सदस्य अपने-अपने स्थान पर खड़े होकर विरोध करने लगे। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि ऐसे किसी भी विषय को स्थगन के रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता है जो राज्य से संदर्भित ना हो। मंत्री सिंह ने आगे कहा कि जिस घटना को लेकर स्थगन प्रस्ताव दिया गया है, वह राज्य से संबंधित नहीं है।

दोनों पक्षों के बीच काफी देर बहस होने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने व्यवस्था दी कि यह विषय राज्य से संबंधित नहीं है, इसलिए इस पर चर्चा नहीं कराई जा सकती है। अध्यक्ष ने स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इस दौरान कांग्रेस के सदस्यों द्वारा लगातार नारेबाजी की जाती रही, जिसके चलते सदन की कार्यवाही स्थगित करना पड़ी।