बुलंद सोच, उज्जैन।
मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पारस जैन का निधन हो गया। इंदौर के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है। उनकी अंतिम यात्रा दोपहर तीन बजे उनके निवास से निकाली जाएगी।
राजनीतिक यात्रा
पारस जैन लंबे समय तक उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते रहे और प्रदेश की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण स्थान था।
उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2005 से 2013 के बीच वे राज्य मंत्री के रूप में वन, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण जैसे विभागों से जुड़े रहे।
दिसंबर 2013 में उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया गया। इसके बाद वर्ष 2016 के मंत्रिमंडल में उन्हें ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई।
विधानसभा चुनाव 2023 में भाजपा ने पारस जैन को उज्जैन उत्तर सीट से टिकट नहीं दिया था, इसके बावजूद वे संगठन और पार्टी गतिविधियों में सक्रिय बने रहे।
पारस जैन उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक चुने गए थे और भाजपा के वरिष्ठ तथा अनुभवी नेताओं में गिने जाते थे। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और क्षेत्र में जनसंपर्क के कारण उनकी अलग पहचान थी।
उनके निधन पर भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
