BREAKING NEWS
2026-07-26

पेंशन प्रकरण के लिए 3,000 रुपये रिश्वत लेते जल संसाधन विभाग का अमीन गिरफ्तार

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, रीवा।

महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश पर लोकायुक्त रीवा ने रविवार को जल संसाधन विभाग त्योंथर में पदस्थ अमीन रामबरण मिश्रा को 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी पेंशन प्रकरण तैयार करने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा था।

Advertisement

शिकायत का विवरण

शिकायतकर्ता मोनू नापित (27), निवासी ग्राम चुनरी, पोस्ट सोहागी, तहसील त्योंथर ने 24 जुलाई 2026 को एसपी लोकायुक्त योगेश्वर शर्मा से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पिता स्वर्गीय रामसुचित नापित जल संसाधन विभाग, उप संभाग त्योंथर में चौकीदार थे, जिनका 24 मार्च 2026 को सेवा के दौरान निधन हो गया था। इसके बाद माता की पेंशन का प्रकरण तैयार कराने के लिए विभाग के बड़े बाबू रामबरण मिश्रा से संपर्क किया गया।

रिश्वत की मांग और भुगतान

शिकायत के अनुसार, आरोपी पहले ही 5 हजार रुपये ले चुका था और 7 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहा था। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए गए। इसी दौरान आरोपी ने शिकायतकर्ता से 4 हजार रुपये और ले लिए तथा शेष 3 हजार रुपये की मांग की।

लोकायुक्त की कार्रवाई

डीआईजी मनोज सिंह और एसपी योगेश्वर शर्मा के मार्गदर्शन में 26 जुलाई 2026 को एक ट्रैप टीम का गठन किया गया। तय योजना के अनुसार, बाणसागर कॉलोनी स्थित जल संसाधन कार्यालय के द्वितीय तल की गैलरी में जैसे ही आरोपी ने 3 हजार रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी रामबरण मिश्रा, पिता स्वर्गीय रमाकांत मिश्रा, उम्र 58 वर्ष, निवासी ग्राम जनकहाई, तहसील जवा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। ट्रैप कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार और निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया के नेतृत्व में की गई।