BREAKING NEWS
2026-08-03

सतना में 22 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सतना।

सतना जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के धमना गांव में शुक्रवार दोपहर एक 22 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवती घर में अकेली थी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत पर गए हुए थे। सूचना मिलने पर अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।

Advertisement

मृतका की पहचान और विवाह

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान लक्ष्मी विश्वकर्मा (22) के रूप में हुई है। वह उचेहरा थाना क्षेत्र के अतरवेदिया निवासी अनित विश्वकर्मा की पत्नी थीं। परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी की शादी इसी वर्ष 5 मई को हुई थी। घटना के समय वह अपने मायके धमना गांव आई हुई थीं।

शव बरामदगी और पुलिस जांच

परिजन मनीष विश्वकर्मा के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर परिवार के सभी सदस्य खेत में काम करने गए थे, जबकि लक्ष्मी घर पर अकेली थीं। जब परिजन वापस लौटे तो कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे उनका शव फंदे पर लटका मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। शुक्रवार देर शाम होने के कारण पुलिस ने शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया था। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अमरपाटन थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।