BREAKING NEWS
2026-08-14

सीहोर में उफनते नाले के बीच एसडीआरएफ ने नाव से प्रसूता को पहुंचाया अस्पताल

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सीहोर।

सीहोर जिले के जामनी गांव में भारी बारिश के बीच एक प्रसूता को अस्पताल पहुंचाने के लिए एसडीआरएफ टीम ने तत्परता दिखाई। प्रसूति पीड़ा से ग्रस्त महिला को लेने के लिए 108 एंबुलेंस गांव पहुंची, किंतु भारी बारिश के कारण गांव का नाला उफान पर था, जिससे एंबुलेंस गांव के अंदर नहीं जा सकी।

स्थिति को देखते हुए, एसडीआरएफ की टीम ने कार्यभार संभाला और नाव की सहायता से प्रसूता को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके पश्चात, 108 एंबुलेंस में तैनात स्टाफ सुभाष सेन और पायलट कमल सिंह मालवीय ने महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय सीहोर पहुंचाया, जहाँ उसे सकुशल भर्ती कराया गया।

Advertisement

बारिश और उफनते नाले के बावजूद, एसडीआरएफ टीम और 108 एंबुलेंस के स्टाफ की तत्परता से प्रसूता को समय पर अस्पताल पहुँचाया जा सका।

जिले में भारी बारिश दर्ज

सीहोर जिले में सोमवार को भी बारिश का दौर जारी रहा। भू-अभिलेख विभाग द्वारा 10 अगस्त को जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले में औसतन 3.96 इंच बारिश दर्ज की गई।

सर्वाधिक वर्षा श्यामपुर तहसील में हुई, जहाँ 8.27 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं, जिला मुख्यालय सीहोर में 6.69 इंच वर्षा रिकॉर्ड हुई।

तहसीलवार आंकड़ों के अनुसार, रेहटी में 4.67 इंच, बुधनी में 4.09 इंच, भैरूंदा में 3.23 इंच, इछावर में 3.03 इंच, आष्टा में 1.38 इंच और जावर में 0.35 इंच बारिश दर्ज की गई।

नदी-नाले उफान पर, प्रशासन की निगरानी

लगातार हुई बारिश के कारण जिले के कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने से नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रशासन द्वारा जलभराव और नदी-नालों की वर्तमान स्थिति पर निरंतर नजर रखी जा रही है।