बुलंद सोच, शहडोल।
शहडोल में एक बेटे ने मामूली बात पर अपने ही पिता की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी, जबकि बीच-बचाव करने आई मां को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय दऊआ बैगा के रूप में हुई है। उनकी पत्नी का नाम यशोदा और आरोपित पुत्र का नाम अंजू है।
दऊआ बैगा और उनकी पत्नी यशोदा मजदूरी करके घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद दऊआ ने भोजन करने की इच्छा जताई, जिस पर यशोदा खाना बनाने लगीं। इसी बात पर घर में मौजूद उनके पुत्र अंजू भड़क गया।
अंजू कहने लगा कि वह स्वयं खाना बनाकर माता-पिता को खिलाएगा। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपित अंजू ने पहले अपनी मां यशोदा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मां को बचाने के लिए जब पिता दऊआ बीच में आए, तो आरोपित ने लाठी से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से दऊआ लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल दंपती को तत्काल जयसिंहनगर अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल दऊआ ने दम तोड़ दिया, जबकि यशोदा का उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जयसिंहनगर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि आरोपित पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
घरेलू विवाद में हुई इस हत्या से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

