BREAKING NEWS
2026-07-23

शहडोल में करोड़ों की निवेश ठगी मामले में FIR दर्ज, एसपी ने गठित की विशेष जांच टीम

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, शहडोल।

शहडोल में करोड़ों रुपये की कथित निवेश ठगी के मामले में बुढ़ार पुलिस ने दो महीने बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संजय कुमार अग्रवाल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष विवेचना के लिए विशेष जांच टीम गठित की है।

यह पूरा मामला जीएनएस फाइनेंशियल सर्विस प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित है, जिस पर निवेशकों को अधिक मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार, गोपालपुर करकटी निवासी मगनयन सिंह ने 19 मई को बुढ़ार थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर की गई प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि कंपनी के संचालकों ने निवेशकों को आकर्षक रिटर्न का भरोसा दिलाकर रकम जमा कराई। आरोप है कि बाद में ग्राहकों की अनुमति के बिना उनके डीमैट खातों में ट्रेडिंग कर उन्हें आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।

जांच पूरी होने के बाद बुढ़ार थाने में कंपनी से जुड़े सुखनंदन यादव, मुकेश यादव, सरोज यादव, विजय पाल और मोहम्मद अनीम के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।

पुलिस अब इस मामले में दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ने लंबित अपराधों की समीक्षा बैठक में इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, साक्ष्य संकलन और तकनीकी विश्लेषण में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए गठित विशेष जांच टीम का उद्देश्य मामले की निष्पक्ष और प्रभावी विवेचना सुनिश्चित करना है।

बताया गया है कि संभागायुक्त के निर्देश के बाद इस पूरे मामले में जांच प्रक्रिया तेज हुई है। वहीं, कई पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी के जिम्मेदार लोग लंबे समय से फरार हैं और कार्यालय भी बंद पड़ा है। ऐसे में निवेशकों को अपनी जमा पूंजी वापस मिलने की उम्मीद पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हुई है।