BREAKING NEWS
2026-07-23

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का छात्र संवाद, देशभर में आयोजनों का निर्देश; इंदौर में तीन नेता करेंगे चर्चा

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

कांग्रेस ने नीट पेपर लीक मुद्दे पर जारी आंदोलन के बीच अपना पूरा ध्यान जेनरेशन-जेड (जेन-जी) और विद्यार्थियों पर केंद्रित कर लिया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को एक साथ देशभर में अलग-अलग स्थानों पर छात्र संवाद आयोजित करने का निर्देश दिया है। जिन शहरों में संवाद आयोजित करने का निर्देश दिया गया है, वे सभी उन प्रदेशों में शिक्षा के केंद्र माने जाते हैं।

Advertisement

दिल्ली से तय हुए नेता और आयोजन

एक ही दिन में आयोजित हो रहे इन संवादों में दिल्ली से ही नेताओं के नाम तय कर भेजे गए हैं। इंदौर में भी तीन नेता आएंगे और एक ही दिन में तीन अलग-अलग स्थानों पर संवाद करेंगे। शाम को प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब रविंद्र नाट्य गृह में युवा संवाद का आयोजन करेंगे। आयोजनों को बिना किसी शोर-शराबे और राजनीतिक बैनर-पोस्टर के करने के निर्देश का पत्र मिला है। बीते महीनेभर से कांग्रेस नेताओं को होस्टलों और कोचिंग क्लासों में जाकर विद्यार्थियों से बात करने को कहा गया था। इसके बाद दिल्ली से दो दिन पहले एक पत्र भेजा गया, जिसमें नेताओं के नाम भेजकर छात्रों और अभिभावकों से संवाद करने का निर्देश दिया गया। इंदौर में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह और पूर्व विधायक हीना कांवेर को छात्रों से संवाद के लिए भेजा जा रहा है। दिल्ली से आए निर्देश के बाद इंदौर शहर कांग्रेस ने तुरंत तैयारी की और छात्रों को ढूंढा। कांग्रेस नेताओं ने पहले स्थानीय यूनिवर्सिटी और शासकीय होस्टल में जाकर छात्रों से संवाद करने की कोशिश की थी, हालांकि इस संबंध में उन्हें अनुमति नहीं मिल सकी।

इंदौर में तीन आयोजन, तीन नेता

इंदौर में बुधवार को ‘छात्र संवाद’ नाम से तीन आयोजन एक साथ होंगे। विधानसभा सत्र जारी रहने के कारण उमंग सिंघार इंदौर नहीं आ रहे हैं, लिहाजा उनकी जगह ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सेक्रेटरी राजस्थान के धीरज गुर्जर इंदौर पहुंचेंगे। हीना कांवेर और प्रियव्रत सिंह भी इंदौर में रहेंगे। कांवेर तिलक नगर की एक कोचिंग क्लास में यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मोनिका मंडरे के साथ संवाद करेंगी। प्रियव्रत सिंह चितावद में छात्रों से संवाद करेंगे; इस आयोजन में यूथ कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव पुनित पारिया भी रहेंगे। तीसरे आयोजन में धीरज गुर्जर मरीमाता क्षेत्र में छात्र संवाद करेंगे; इस आयोजन की कमान युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव शांभवी शुक्ला संभाल रही हैं। शाम को रविंद्र नाट्य गृह में होने वाले आयोजन की कमान भी शांभवी शुक्ला को दी गई है।

कोटा की थीम पर मुद्दे

राहुल गांधी ने जून में कोटा में छात्र पंचायत की थी; उसी थीम और संदेश पर इंदौर में भी छात्र संवाद हो रहा है। इसमें कांग्रेस नेता कोचिंग के बढ़ते खर्च, नीट व अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक व गड़बड़ी, सीबीएसई के खराब रिजल्ट के साथ ही मुफ्त शिक्षा जैसे मुद्दों पर छात्रों से समर्थन मांगेंगे। इस दौरान नीट में भागीदारी करने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से भी मिलने कांग्रेस नेता पहुंचेंगे। अब तक हुए 90 से अधिक पेपर लीक और विद्यार्थियों की आत्महत्या के साथ कम होती सरकारी नौकरियों और बेरोजगारी जैसे मुद्दे भी संवाद में उठाए जाएंगे। नीट पेपर लीक मामले पर इंदौर में छात्रों का प्रदर्शन जारी है, और पुलिस के संदेश से विवाद बढ़ा है।