बुलंद सोच, शहडोल।
शहडोल जिले के गोहपारू थाना क्षेत्र के लेदरा गांव में स्थित प्राचीन शिव मंदिर से शिवलिंग चोरी होने की घटना ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है। सुबह पूजा के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर से शिवलिंग गायब देखा, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में पूरे गांव में शिवलिंग चोरी होने की खबर फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।
पुलिस ने मंदिर के आसपास साक्ष्य जुटाने के साथ ही समीप स्थित तालाब में शिवलिंग होने की संभावना को देखते हुए स्थानीय गोताखोरों को उतारकर तलाश शुरू कराई। थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ इस तलाश अभियान में मौजूद हैं।
गोहपारू पुलिस के अनुसार, लेदरा निवासी कृष्णकांत शुक्ला की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। शिकायतकर्ता ने बताया कि इस मंदिर का निर्माण उनके पूर्वजों ने कराया था और यहां भगवान हनुमान तथा भगवान शिव की नियमित पूजा-अर्चना होती है।
थाना प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचा जाएगा, हालांकि समाचार लिखे जाने तक शिवलिंग का कोई सुराग नहीं मिल सका था।

