बुलंद सोच, सिवनी।

सिवनी जिले के कुरई थाना अंतर्गत खापा गांव में 4 सितंबर शुक्रवार की सुबह लगभग 6 बजे एक दुखद घटना घटित हुई। घर के पीछे स्थित कुएं से पानी निकालते समय मुंडेर पर जमी काई में पैर फिसलने से बीएससी की छात्रा चेतना पटले (20) कुएं में गिर गई। अपनी बेटी को कुएं में डूबता देख पिता रोशनलाल पुत्र गेंदलाल पटले (50) ने उसे बचाने के लिए तत्काल कुएं में छलांग लगा दी।
इस दौरान पिता और पुत्री दोनों ने कुएं में लगे टिल्लू पंप के पाइप को पकड़कर बचने का प्रयास किया। हालांकि, पाइप निकल जाने और बारिश के कारण कुएं में अत्यधिक पानी भरा होने के कारण डूबने से पिता-पुत्री दोनों की मृत्यु हो गई।
सूचना मिलने पर बरघाट एसडीओपी ललित गठरे, कुरई थाना प्रभारी कृपाल सिंह तेकाम, एसआइ अजय जायसवाल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कई घंटों की मशक्कत के बाद कुएं में खटियां बांधकर डालने के बाद पिता-पुत्री के शव पानी से बाहर निकाले गए।
पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिए हैं। बरघाट एसडीओपी ललित गठरे ने बताया कि प्रथम दृष्टया कुएं की मुंडेर में लगी काई में पैर फिसलने के कारण युवती के गिरने पर उसे बचाने पिता भी कुएं में कूद गया, लेकिन दोनों की डूबने से मौत हो गई। प्रकरण में विस्तृत जांच की जा रही है।

