बुलंद सोच, उज्जैन।
पुलिस ने श्रावण मास को लेकर महाकाल मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विस्तृत यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी किया है। मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, भगवान महाकाल की सोमवार सवारी तथा कावड़ यात्राओं को देखते हुए शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग का उपयोग करने और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने की अपील की है।
पार्किंग व्यवस्था
सामान्य दिनों में चार पहिया वाहनों के लिए भील समाज, कर्कराज, चारधाम, इम्पीरियल, हरिफाटक स्थित मन्नत गार्डन तथा कार्तिक मेला मैदान (भारी वाहन एवं बसों के लिए) को पार्किंग स्थल बनाया गया है।
वहीं, दो पहिया वाहनों के लिए हरसिद्धी पाल, क्षीरसागर मैदान और टंकी चौराहा स्थित मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है।
हरिफाटक चौराहे से आने वाले श्रद्धालु जंतर-मंतर और लालपुल मार्ग से कर्कराज व भील समाज पार्किंग तक पहुंचेंगे। इन पार्किंग स्थलों के भरने पर वाहनों को कार्तिक मेला मैदान में पार्क कराया जाएगा।
कालभैरव मंदिर के लिए मार्ग
महाकाल दर्शन के बाद श्रद्धालु हरिफाटक, कचराघर, जंतर-मंतर, लालपुल, कालीदास उद्यान, रंजीत हनुमान, मोजमखेड़ी और शंकराचार्य चौराहे होते हुए कालभैरव मंदिर जा सकेंगे।
इंदौर, देवास और भोपाल की ओर से सीधे कालभैरव जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इंजीनियरिंग कॉलेज तिराहा, पाइप फैक्ट्री, विक्रम नगर, मंडी, मकोड़ियाआम, खाक चौक और जेल तिराहा वाला मार्ग सुझाया गया है।
सोमवार सवारी के दौरान डायवर्जन
भगवान महाकाल की सवारी शाम 4 बजे महाकाल मंदिर से प्रारंभ होकर कोट मोहल्ला, गुदरी, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी, रामघाट, गणगौर दरवाजा, ढाबा रोड, हरसिद्धीपाल, कार्तिक चौक, टंकी चौक, छत्री चौक, गोपाल मंदिर और पटनी बाजार होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगी।
सवारी के दौरान बड़नगर, रतलाम, नागदा, मंदसौर और नीमच की ओर जाने वाले भारी वाहनों को तपोभूमि चौराहे से डायवर्ट किया जाएगा।
देवासगेट बस स्टैंड से हरिफाटक की ओर बसों और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
हरिफाटक टी, दौलतगंज, तेलीवाड़ा और कार्तिक चौक से भी सवारी मार्ग की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
प्रतिबंधित मार्ग
पुलिस ने देवासगेट से दौलतगंज, इंदौर गेट से दौलतगंज, यादव धर्मशाला-बेगमबाग से महाकाल घाटी, हरसिद्धिपाल से गुदरी, दानीगेट से ढाबा रोड-कमरी मार्ग तथा जूना सोमवारिया से केडी गेट की ओर वाहन लेकर नहीं जाने की सलाह दी है।

