बुलंद सोच, जबलपुर।

नीट-यूजी का परिणाम जारी होने के साथ ही वेटरनरी विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रवेश प्रक्रिया को समय पर पूरा कराने की कवायद तेज कर दी है। पिछले सत्र में काउंसलिंग प्रक्रिया लंबी खिंचने के कारण प्रवेश में देरी हुई थी, जिसका असर शैक्षणिक सत्र पर भी पड़ा था। इस बार विश्वविद्यालय किसी भी स्थिति में ऐसी नौबत नहीं आने देना चाहता। जल्द से जल्द काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है। मेडिकल कॉलेजों में यूजी की पहली काउंसलिंग पूरी होते ही वेटरनरी यूजी की काउंसलिंग शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। विश्वविद्यालय की काउंसलिंग कमेटी ने डायरेक्टर ऑफ मेडिकल एजुकेशन विभाग को पत्र लिखकर जल्द से जल्द काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने की बात कही है। इस बार मेडिकल की यूजी सीटों की पहली काउंसलिंग के बाद ही वेटरनरी विश्वविद्यालय अपने तीनों कॉलेज जबलपुर, रीवा और महू वेटरनरी कॉलेज की सीटों के लिए काउंसलिंग करेगा।
प्रक्रिया में सुधार और छात्रों की आपत्तियां
पिछले सत्र में हुई देरी को देखते हुए इस बार काउंसलिंग से लेकर दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश तक की प्रक्रिया को पहले से व्यवस्थित किया जा रहा है। हर बार मेडिकल कॉलेज की काउंसलिंग के बाद ही वेटरनरी की यूजी सीटों के लिए काउंसलिंग होती है। विद्यार्थियों और कई छात्र संघों ने दोनों काउंसलिंग में भाग लेने के अवसर पर विरोध भी जताया है। उनका कहना है कि मेडिकल कॉलेज में प्रवेश की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को मेडिकल और फिर वेटरनरी, दोनों काउंसलिंग में भाग लेने का अवसर मिलता है, लेकिन जो विद्यार्थी वेटरनरी की ही तैयारी करते हैं, उन्हें वेटरनरी में भी बमुश्किल से प्रवेश मिलता है। अधिकांश विद्यार्थी मेडिकल में प्रवेश न मिलने के बाद वेटरनरी में प्रवेश लेते हैं। कई तो बीच में ही छोड़ देते हैं। अधिकांश बच्चे मेडिकल में प्रवेश न मिलने के बाद वेटरनरी में प्रवेश लेते हैं और फिर छोड़ देते हैं। इस वजह से वेटरनरी को दो से तीन काउंसलिंग कर आखिरी सीएलसी भी करनी होती है। वेटरनरी में प्रवेश लेने वालों को सिर्फ एक ही अवसर मिलता है, जिससे उनमें नाराजगी बढ़ी है। हर साल वेटरनरी काउंसलिंग की मेरिट लिस्ट बढ़ रही है, जिससे कम नंबर के बच्चों को प्रवेश नहीं मिल पाता।
सीटों की स्थिति और आंतरिक तैयारियां
वेटरनरी विश्वविद्यालय जबलपुर ने अपने स्तर पर भी प्रवेश की तैयारियां शुरू कर दी हैं। नीट परिणाम आने के बाद उसकी मेरिट लिस्ट मंगवाई है। काउंसलिंग कमेटी के मुताबिक तीनों कॉलेजों में करीब 300 सीटों के लिए इस बार भी काउंसलिंग होगी। इस बार भी सीटों में कोई इजाफा नहीं किया गया है। कमेटी अब तीनों कॉलेजों में उपलब्ध सीटों का ब्यौरा तैयार करने में जुटी है। इसके साथ ही आरक्षण व्यवस्था, विभिन्न श्रेणियों में सीटों की स्थिति और प्रवेश से जुड़े जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी व्यवस्थित की जा रही है। दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया को पहले से तैयार रखने की योजना है, ताकि काउंसलिंग शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी न हो।
कुलगुरु का वक्तव्य
वेटरनरी विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. मनदीप शर्मा ने बताया कि वेटरनरी यूजी काउंसलिंग की तैयारी पूरी की जा रही है। कमेटी ने डायरेक्टर ऑफ मेडिकल एजुकेशन को पत्र लिखकर जल्द से जल्द प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। उन्होंने यह भी बताया कि एमपी ऑनलाइन के अधिकारियों से भी चर्चा की गई है। उनका प्रयास शैक्षणिक सत्र को जल्द शुरू करने का है।

