बुलंद सोच।
असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा पर सोमवार को भूमि अतिक्रमण को लेकर गोलीबारी हुई, जिसमें असम के कम से कम 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना गोगामुख राजस्व सर्किल के मिंगमांग बस्ती में घटी। पुलिस के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश के उपद्रवियों ने असम के निवासियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की।
घायलों में से कुछ की पहचान हो चुकी है। सभी घायल व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को असम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शिक्षा मंत्री रानोज पेगू को अरुणाचल प्रदेश सरकार से बातचीत के लिए भेजा है। पुलिस महानिदेशक और मुख्य सचिव भी अपने समकक्षों के संपर्क में हैं।
सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दोनों राज्यों के बीच लंबी सीमा पर कई विवादित बिंदु हैं, जिन्हें सुलझाने के प्रयास जारी हैं।

