BREAKING NEWS
2026-08-14

भोपाल में भारी बारिश से जलभराव: सड़कें बंद, स्कूल अवकाश घोषित

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

भोपाल में देर रात से जारी तेज बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। लगातार बारिश के बाद शिवनगर कॉलोनी समेत कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। कई स्थानों पर कमर तक पानी भर गया और घरों में भी पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रहवासी घरों से पानी निकालने के लिए मजबूर नजर आए। शिवनगर कॉलोनी में हालात सबसे ज्यादा खराब दिखाई दिए, जहां सड़क पर कमर तक पानी भरने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। वहीं कैलाश नगर और बैरागढ़ स्थित साईं बाबा रेसीडेंसी में भी जलभराव जैसी स्थिति बनी।

प्रमुख मार्गों पर आवाजाही बाधित

भोपाल जिले में भारी बारिश के कारण भोपाल-बैरसिया मार्ग के ईंटखेड़ी सड़क पुल के ऊपर पानी आ गया, जिससे सुरक्षा को देखते हुए इस मार्ग पर आवागमन रोक दिया गया है। पुलिस और राजस्व अमला मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर रख रहा है। एसडीएम हुजूर विनोद सोनकिया के मुताबिक, पुल के ऊपर पानी आने के कारण यातायात रोकने की कार्रवाई की गई है। नयापुरा जेल रोड स्थित श्मशान घाट में भी पानी भर गया। जेल रोड के वार्ड 75 की कंफर्ट ग्रीन कॉलोनी के रहवासियों ने जल निकासी की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क पर इतना पानी भर गया है कि पूरा मार्ग तालाब में तब्दील हो गया है। रहवासियों के मुताबिक, यदि कुछ देर और बारिश हुई तो सड़क दिखाई देना भी मुश्किल हो जाएगा। इंद्रविहार कॉलोनी और एयरपोर्ट रोड पर भी भारी जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जहां कई स्थानों पर सड़क और नालियां पानी से लबालब नजर आईं।

Advertisement

स्कूलों में अवकाश घोषित

लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए भोपाल जिले में नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए आज अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने यह आदेश जारी किया है। यह आदेश जिले के सभी सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त स्कूलों पर लागू होगा। हालांकि, स्कूलों के शिक्षक और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचना सुनिश्चित करना होगा।

मंत्री विश्वास सारंग का दौरा

भारी बारिश के बीच मंत्री विश्वास सारंग सुबह से ही नरेला विधानसभा क्षेत्र के जलभराव वाले इलाकों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने महामाई बाग, राजेंद्र नगर सहित विभिन्न स्थानों का जायजा लिया। मंत्री ने नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री और राशन पहुंचाने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर उन्होंने नगर निगम कर्मचारियों को फटकार भी लगाई और जलभराव वाले इलाकों के नाले-नालियों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। मंत्री सारंग ने अधिकारियों से कहा कि जहां जलभराव की स्थिति है, वहां रहवासियों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

निकासी व्यवस्था पर सवाल

भोपाल में एक बार फिर तेज बारिश के बाद जलभराव ने नगर निगम और संबंधित एजेंसियों की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कई इलाकों में सड़कें तालाब बन गईं, घरों में पानी घुस गया और प्रमुख मार्गों पर आवागमन तक रोकना पड़ा। लगातार बारिश जारी रहने पर शहर के कई और निचले इलाकों में हालात बिगड़ने की आशंका है।