बुलंद सोच, भोपाल।
शहर में रुक-रुककर हुई बौछारों और हल्की से मध्यम बारिश ने मौसमी तस्वीर बदल दी है। चार महीने के मानसूनी सीजन के कुल 42 इंच औसत कोटा के मुकाबले अब तक शहर में लगभग 21 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, यानी सीजन का आधा कोटा पूरा हो चुका है। भोपाल शहर और जिले में बारिश का आंकड़ा सामान्य से आगे चल रहा है, जिससे राहत मिली है। इस बारिश के कारण बड़े तालाब सहित शहर के अन्य जलाशयों के जलस्तर में वृद्धि हुई है। साथ ही, भूजल स्तर और फसलों को भी संजीवनी मिली है। शनिवार को भी शहर में रुक-रुककर बौछारें पड़ती रहीं, और रात तक एयरपोर्ट मौसम केंद्र पर 2 मिमी बारिश दर्ज की गई। भोपाल जिले में अब तक कुल 17.6 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो इस अवधि के सामान्य आंकड़े (15.8 इंच) से लगभग 1.8 इंच अधिक है। लगातार हो रही हल्की बारिश के कारण दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, एकमुश्त तेज बारिश के बजाय रुक-रुककर हो रही हल्की बारिश से जलभराव की स्थिति कम बनती है, और पानी का बड़ा हिस्सा जमीन के भीतर समा जाता है, जो भूजल स्तर सुधारने में मददगार साबित हो रहा है।
प्रदेश में कुल बारिश का लेखा-जोखा
पूरे प्रदेश की स्थिति देखें तो, अब तक कुल 13.1 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से 13% कम है। प्रदेश के कुल 52 जिलों में से 39 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। वहीं, 13 जिलों में सामान्य या उससे अधिक बारिश दर्ज की गई है। देवास जिले में सबसे अधिक 38% की बढ़त दर्ज की गई है, जबकि अलीराजपुर में सबसे बड़ा घाटा माइनस 66% का रहा है।
सक्रिय मौसमी सिस्टम और आगामी पूर्वानुमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश के आसपास तीन प्रमुख मौसमी सिस्टम सक्रिय हैं। इनमें दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के पास एक लो-प्रेशर एरिया, बंगाल की खाड़ी के पास बना एक लो-प्रेशर एरिया, और एक सक्रिय मानसून ट्रफ शामिल हैं। बंगाल की खाड़ी वाला सिस्टम अगले 48 घंटों में और मजबूत होकर ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के रास्ते पूर्वी मध्य प्रदेश तक पहुंच सकता है। इसके प्रभाव से रविवार से पूर्वी मध्य प्रदेश के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, भोपाल में अगले दो से तीन दिनों तक बादल छाए रहने, हल्की से मध्यम बारिश और बौछारें पड़ने का दौर जारी रहेगा।
रविवार के लिए भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, शहडोल, सतना से लेकर मुरैना तक के क्षेत्रों में भारी बारिश होने की आशंका है।

