बुलंद सोच, छतरपुर।
छतरपुर के एक सरकारी स्कूल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बच्चों की क्लासरूम में पढ़ाई की जगह स्मार्ट टीवी पर भोजपुरी फिल्मी डांस वीडियो चलता दिखाई दे रहा है। यह मामला सामने आने के बाद स्कूली शिक्षा की व्यवस्था और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल हो रहा यह वीडियो छतरपुर शहर के पीएमश्री स्कूल क्रमांक-2 का बताया जा रहा है। शासन द्वारा बच्चों को आधुनिक और व्यावहारिक शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से क्लासरूम में एलईडी टीवी लगाई गई थी, लेकिन यहां इसका दुरुपयोग किया जा रहा था। वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कक्षा में बच्चे मौजूद हैं, उनकी बेंचों पर बैग रखे हुए हैं और सामने लगी टीवी पर पढ़ाई वाले कंटेंट की जगह फिल्मी डांस वीडियो चल रहा है। कक्षा में पढ़ाई के समय इस तरह का वीडियो चलने से यह सवाल उठ रहे हैं कि जब पढ़ाई का समय था, तब टीवी पर यह सामग्री क्यों चलाई जा रही थी।
मामले की जांच के लिए कमेटी गठित
वीडियो के उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद शिक्षा विभाग इस पूरे मामले की जांच कर रहा है। इस संबंध में डीईओ पीके रैकवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बताया कि तत्काल प्रभाव से इसकी जांच के लिए एक जांच कमेटी बनाई गई है, जिसमें बीईओ को जांच का प्रभारी नियुक्त किया गया है। डीईओ रैकवार के अनुसार, बीईओ जल्द ही पूरे मामले की जांच कर उन्हें प्रतिवेदन उपलब्ध कराएंगे, जिसके बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।

