BREAKING NEWS
2026-08-01

साइबर ठगों ने एम्स्टर्डम की महिला बनकर ऐंठे 8.35 लाख रुपए

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

साइबर ठग अब लोगों को फंसाने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं, जिनमें विदेश से क्रिसमस गिफ्ट भेजने का लालच, बिजली बिल अपडेट नहीं होने पर कनेक्शन काटने की धमकी, फोनपे के जरिए ऑनलाइन पेमेंट और खाते की गारंटी खत्म होने का झांसा देना शामिल है। शहर में सामने आए पांच अलग-अलग मामलों में ठगों ने करीब 13 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

विदेशी गिफ्ट और ड्रग्स केस का डर दिखाकर ठगी

ऐशबाग निवासी 41 वर्षीय शाजिया खान की सोशल मीडिया पर खुद को एम्स्टर्डम (नीदरलैंड) निवासी बताने वाली ‘एमंडा’ नाम की महिला से पहचान हुई। इस महिला ने शाजिया को क्रिसमस गिफ्ट भेजने का झांसा देकर उनका पता लिया। कुछ दिन बाद, एयरपोर्ट अधिकारी बनकर फोन करने वाले एक व्यक्ति ने पार्सल छुड़ाने के नाम पर शाजिया से 35 हजार रुपए जमा करा लिए। इसके बाद ठगों ने पार्सल में 70 हजार डॉलर मिलने और कस्टम कार्रवाई का डर दिखाकर शाजिया से अलग-अलग किस्तों में कुल 8.35 लाख रुपए ऐंठ लिए। जब शाजिया ने और पैसे देने से इनकार किया, तो ठगों ने उन्हें एक फर्जी हवाई टिकट भेजा और महिला के कथित पति के ड्रग्स के साथ पकड़े जाने तथा शाजिया को भी केस में फंसाने की धमकी दी। परिजनों से चर्चा के बाद शाजिया को ठगी का पता चला, जिसके बाद ऐशबाग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिजली बिल अपडेट के नाम पर 3.36 लाख की धोखाधड़ी

कोलार रोड निवासी 59 वर्षीय रमेश कुमार महापात्रा को व्हाट्सएप पर बिजली बिल अपडेट नहीं होने पर रात 9:30 बजे बिजली कनेक्शन काटने का संदेश मिला। दिए गए नंबर पर कॉल करने पर ठग ने उन्हें एक एपीके फाइल भेजकर डाउनलोड कराई, जिसके बाद उनके मोबाइल पर ओटीपी आने लगे। रमेश ने इंडियन ओवरसीज बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क किया तो पता चला कि उनके क्रेडिट कार्ड से 1,46,996 रुपए और खाते से 76,763.70 रुपए, यानी कुल 2,23,459.70 रुपए निकाले जा चुके थे। वहीं, टीटी नगर निवासी संतोष रजक से बिजली बिल जमा करने के नाम पर एक लिंक खुलवाकर क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल की गई और उनसे 1.13 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। इन दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज किया है।

एक्सिस बैंक खाते की गारंटी समाप्त होने का झांसा देकर 1.38 लाख की ठगी

कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र निवासी 29 वर्षीय सुनील सोनार, पिता रामू सोनार, के साथ क्रेडिट कार्ड और खाते से 1,38,308 रुपए निकालने का मामला सामने आया है। अज्ञात ठग ने सुनील को फोन कर एक्सिस बैंक खाते व कार्ड की गारंटी खत्म होने की बात कही और एक फर्जी फॉर्म भेजकर उनसे व्यक्तिगत विवरण भरवा लिए। इसके बाद ठग ने क्रोमा कंपनी से दो बार में 1.38 लाख रुपये की खरीदारी कर ली। यह घटना 24 जुलाई को हुई थी, जिसकी शिकायत पर 30 जुलाई को प्रकरण दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।

फोनपे के माध्यम से 25 हजार रुपए कराए ट्रांसफर

ईटखेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर निवासी 28 वर्षीय संजीव दांगी से अज्ञात आरोपी ने संपर्क किया और धोखे से उनसे फोनपे के माध्यम से 25 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलने पर संजीव ने पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद ईटखेड़ी थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।