बुलंद सोच, दमोह।
नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी और कौतूहल का माहौल बन गया, जब एक नर चीतल भागते हुए सीधे अस्पताल के अंदर डॉक्टर के कक्ष में जा घुसा। अचानक चीतल को अस्पताल परिसर में देखकर वहां मौजूद मरीज और स्वास्थ्य कर्मी अचंभित रह गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समीपवर्ती पहाड़ी क्षेत्र से विचरण करता हुआ एक चीतल तेंदूखेड़ा के पास खेतों की ओर आ गया था। इसी दौरान उस पर पालतू कुत्तों की नजर पड़ गई और उन्होंने चीतल का पीछा करना शुरू कर दिया।
कुत्तों के हमले से खुद को बचाते हुए चीतल तेज गति से नगर की ओर भागा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पिछले हिस्से से सीधे डॉक्टर के कमरे में घुस गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर चीतल को अपने कब्जे में लिया।
प्रभारी डिप्टी रेंजर ने बताया कि कुत्तों के पीछा करने के दौरान नर चीतल के मुंह में हल्की चोटें आई थीं। अस्पताल परिसर में ही उसका प्राथमिक उपचार कराने के पश्चात उसे सुरक्षित रूप से वापस जंगल में छोड़ दिया गया है।
