बुलंद सोच, इंदौर।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने सोमवार को मिलावट और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। इस दौरान अलग-अलग स्थानों से लगभग 535 किलोग्राम संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत तीन लाख रुपए से अधिक है। जब्त किए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सिंध डेयरी फार्म पर कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने चंदन भवन, मुराई मोहल्ला स्थित सिंध डेयरी फार्म का निरीक्षण किया। इस प्रतिष्ठान पर पनीर, दही और घी का निर्माण किया जा रहा था, साथ ही इनकी थोक व खुदरा बिक्री भी की जा रही थी। जांच के दौरान खाद्य निर्माण के लिए वैध अनुज्ञप्ति नहीं मिली। मौके से लगभग 149 किलोग्राम घी और 103 किलोग्राम पनीर, कुल 252 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1.50 लाख रुपए है। निर्माण लाइसेंस नहीं होने के कारण डेयरी में खाद्य निर्माण तत्काल बंद करा दिया गया।
अन्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
इसी क्रम में पालदा बारदान मंडी स्थित नारायण इंटरप्राइजेज से किंग घी और राधा माधव घी के नमूने लिए गए। यहां से 255 किलोग्राम घी, जिसकी कीमत लगभग 1.53 लाख रुपए है, को जांच रिपोर्ट आने तक जब्त कर लिया गया। सियागंज स्थित कमलेश ट्रेडर्स से महीसागर घी का नमूना लेने के साथ 28 किलोग्राम घी की 56 यूनिटों को सील कर जब्त किया गया। जेल रोड के रतलाम नमकीन कॉर्नर से समोसे, सलाद और चटनी के नमूने लिए गए तथा अनियमितताओं के संबंध में सुधार सूचना पत्र जारी किया जा रहा है। एक पोर्टल पर मिली शिकायत के आधार पर कैलाश पार्क कॉलोनी स्थित आशुतोष बॉयज हॉस्टल से कच्चे माल और तैयार खाद्य पदार्थों के तीन नमूने एकत्र किए गए। संचालक को साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।

