बुलंद सोच, इंदौर।
शहर के सबसे बड़े डबल डेकर फ्लाईओवर का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार गुरुवार को समाप्त हो गया, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसकी एक भुजा का उद्घाटन कर उसे यातायात के लिए खोल दिया।
इस नई सुविधा से उज्जैन रोड से आने वाले वाहन फ्लाईओवर का उपयोग कर सीधे मरीमाता की तरफ उतर सकेंगे।
वाहनों के ऊपर से निकलने के कारण फ्लाईओवर के नीचे चल रहा सर्विस रोड निर्माण कार्य भी तेजी से पूरा हो सकेगा, जिससे लंबे ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
यह आवागमन फिलहाल ट्रायल के तौर पर शुरू किया जा रहा है, क्योंकि फ्लाईओवर की दूसरी भुजा का कार्य अभी शेष है। दूसरी भुजा का कार्य पूरा होने के बाद फ्लाईओवर से पूरी तरह से आवागमन शुरू कर दिया जाएगा।
एक भुजा के शुरू होने से रोजाना हजारों वाहन चालकों का समय बचेगा और उन्हें लंबे ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, वहीं नीचे यातायात का भार भी कम होगा।
बुधवार को सीएमआरएस की अनुमति न मिलने के कारण फ्लाईओवर की एक लेन से यातायात शुरू करने का प्रस्तावित ट्रायल नहीं हो सका था, हालांकि देर शाम सीएमआरएस से आवश्यक अनुमति प्राप्त हो गई थी।
आईडीए के मुख्य कार्यपालिक अधिकारी डॉ. परिक्षित झाड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के इंदौर प्रवास के दौरान उनकी उपस्थिति में फ्लाईओवर की एक भुजा से यातायात शुरू किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि फ्लाईओवर का शेष निर्माण कार्य लगभग दो माह में पूरा होने की उम्मीद है, जिसके बाद विधिवत लोकार्पण कर फ्लाईओवर को दोनों ओर से आम यातायात के लिए पूरी तरह खोल दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर होकर आलीराजपुर जाते समय फ्लाईओवर की इस भुजा से यातायात का शुभारंभ किया।
