बुलंद सोच, इंदौर।
मंगलवार को श्री क्षेत्र वाल्मीकि धाम पीठाधीश्वर राष्ट्रीय संत बालयोगी उमेशनाथ महाराज, जो राज्यसभा सदस्य भी हैं, ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य भेंट की। ट्रेन के विषय में हुई चर्चा के दौरान रेल मंत्री ने इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर से श्री गंगानगर गोगामेड़ी ट्रेन को प्रतिदिन चलाने के निर्देश दिए। रेल मंत्री ने यह निर्णय इंदौर से प्रतिदिन इस ट्रेन के चलने से नीमच भादव माता, शिखर खाटूश्याम और गोगादेव गोगामेड़ी मेले में जाने वाले महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान और गुजरात के लाखों यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए लिया। इसी के साथ, रेल मंत्री ने उन अन्य ट्रेनों के ठहराव के भी निर्देश दिए, जो गोगामेड़ी पर नहीं रुकती हैं, जिनमें अमलापुर एक्सप्रेस (बांद्रा टर्मिनल से श्रीगंगा नगर) और रामेश्वरम से फिरोजपुर कैंट चलने वाली एक्सप्रेस शामिल हैं। गोगामेड़ी मेला और रामदेवरा मेले के लाखों तीर्थ यात्रियों के ट्रेन संबंध में भी विस्तृत चर्चा हुई और मेले में रेल संबंधी उचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की अवधि बढ़ी
लक्ष्मीबाई नगर-श्रीगंगानगर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन के फेरे फिर से निर्धारित किए गए हैं और यह ट्रेन 14 अगस्त तक संचालित की जाएगी।
सुमित्रा महाजन ने रेल सुविधाओं की अनदेखी पर जताई नाराजगी
शहर की रेल सुविधाओं की अनदेखी को लेकर पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने एक बार फिर पश्चिम रेलवे के जीएम रामश्रय पांडे को पत्र लिखा है। उन्होंने पत्र में शहर के साथ हो रही उपेक्षा पर नाराजगी जताते हुए रेलवे पर इंदौर की उपेक्षा का आरोप लगाया है। महाजन ने अपने पत्र में लिखा कि जयपुर-इंदौर और रीवा-इंदौर रेल सेवाओं के प्रस्ताव लंबित हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित मेमू सेवा का रैक इंदौर से हटा दिया गया है, जबकि उसकी जगह पुराने डेमू रैक चलाए जा रहे हैं, जो अक्सर खराब हो जाते हैं। महाजन ने लिखा कि पुणे-इंदौर ट्रेन लंबे समय से बंद है, लेकिन उसे वैकल्पिक मार्ग से शुरू नहीं किया गया, वहीं अजमेर और ग्वालियर की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पटना, गुवाहाटी और तिरुवनंतपुरम (त्रिवेंद्रम) जाने वाली ट्रेनों के फेरे नहीं बढ़ाए गए हैं, जबकि इनकी मांग लगातार बनी हुई है। इसके अतिरिक्त, महू-उज्जैन के बीच लोकल ट्रेन और अयोध्या के लिए सीधी रेल सेवा नहीं होने का भी उल्लेख किया गया। महाजन ने कहा कि लक्ष्मीबाई नगर में दो अतिरिक्त प्लेटफार्म और महू में अतिरिक्त लाइन क्षमता उपलब्ध होने के बावजूद रेलवे द्वारा सुविधाएं नहीं बढ़ाई जा रहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि 40 लाख की आबादी वाले शहर के लिए क्या मौजूदा रेल सुविधाएं पर्याप्त हैं?
