BREAKING NEWS
इंदौर में वर्षा का पूर्वानुमान, प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश की चेतावनी मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय: कई जिलों में भारी वर्षा, सीधी की मझौली में सर्वाधिक 124.4 मिमी दर्ज मध्य प्रदेश सरकार ने 7,765 करोड़ रुपये से अधिक का प्रथम अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया, भावांतर योजना को 2,313 करोड़ रुपये कोलार की चिनार सेवन माइल कॉलोनी: 900 परिवारों की शिकायत पर कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश भोपाल में स्मार्ट बाइसिकल शेयरिंग सेवा नए सिरे से होगी शुरू, 500 स्मार्ट साइकिलें हुईं कबाड़ प्रदेश सरकार ने 7,765 करोड़ रुपये से अधिक का प्रथम अनुपूरक बजट प्रस्तुत किया, भावांतर योजना को सर्वाधिक 2,313 करोड़ रुपये
2026-07-23

बिजली कंपनी अधीक्षण यंत्री के घर लोकायुक्त कार्रवाई, 7.16 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति उजागर

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर लोकायुक्त टीम ने बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री शिवराम सेमिल के निधीवन कॉलोनी स्थित आवास पर कार्रवाई की। सेमिल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत प्राप्त हुई थी।

जांच के दौरान यह सामने आया है कि इंजीनियर ने अपनी 33 साल की नौकरी के कार्यकाल में अवैध रूप से अत्यधिक संपत्ति अर्जित की है। इसमें करोड़ों रुपये की फैक्ट्रियां और घर के साथ-साथ सोने-चांदी के आभूषण और नकद भी शामिल हैं। शिवराम सेमिल और उनके परिवार के सदस्यों के पास बड़ी संपत्ति मिली है।

Advertisement

आवासीय संपत्तियां

सिलिकॉन सिटी में सी-44 स्थित एक तीन मंजिला मकान मिला है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपये है। सेमिल ने अपने बेटों के नाम से ओमेक्स सिटी में एक प्लॉट भी खरीदा है, जिसका क्रय मूल्य बीस लाख रुपये था। इसके अतिरिक्त, रविदास नगर मुरैना में एक दो मंजिला मकान पाया गया है, जिसकी कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई है; ग्वालियर लोकायुक्त की टीम द्वारा वहां जांच की जा रही है।

पीथमपुर स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठान

बेटे शुभम सेमिल के नाम से पीथमपुर में ‘शुभम इलेक्ट्रिकल’ नामक एक फैक्ट्री मिली है, जहां ट्रांसफार्मर बनाए जाते हैं। यह फैक्ट्री 880 वर्गमीटर क्षेत्र में फैली हुई है और इसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये है। पीथमपुर में शिवराम सेमिल की बहू और परिवार के सदस्यों के नाम से ‘कर्निश पावरजोन’ नामक एक फर्म भी पंजीकृत पाई गई है, जिसकी शेयर पूंजी 50 लाख रुपये है। इस फर्म द्वारा पीथमपुर सेक्टर 3 में प्लॉट क्रमांक 732 और 749ए खरीदे गए हैं। प्लॉट 732 पर एक पुरानी फैक्ट्री स्थापित है, जबकि प्लॉट 749ए पर एक नई फैक्ट्री का निर्माण किया जा रहा है, जिस पर अनुमानित एक करोड़ रुपये का व्यय किया गया है।

उज्जैनी (धार) स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठान

दामाद और बेटे के नाम से उज्जैनी जिला धार स्थित औद्योगिक क्षेत्र में प्लॉट क्रमांक 184 और 185 पर ‘एसएस इलेक्ट्रिकल्स’ फर्म का संचालन पाया गया है। इसी नाम से प्लॉट क्रमांक 153 भी खरीदा गया है, और इन पर अनुमानित 1 करोड़ 50 लाख रुपये का व्यय होना पाया गया है। उज्जैनी जिला धार में ‘कृष्णा पावर’ नामक फर्म के नाम से 560 वर्ग मीटर का एक और भूखंड लिया गया है, जहां एक फैक्ट्री का निर्माण हो रहा है और इसमें 10 लाख रुपये का निवेश किया गया है। समधी के नाम से भी शिवराम सेमिल ने एक फैक्ट्री खोली है, जिसकी जांच की जा रही है; ‘ए वन इलेक्ट्रिकल’ नाम से यह फैक्ट्री भूखंड क्रमांक 169, उज्जैनी औद्योगिक क्षेत्र, धार में पाई गई है और इस पर भी करोड़ों रुपये का निवेश पाया गया है।

कार्यालय एवं अन्य संपत्तियां

सेमिल की फैक्ट्रियों के कार्यालय इंदौर में भी पाए गए हैं। सप्तश्रृंगी नगर, सिलिकॉन सिटी में उनके कार्यालय का भवन पत्नी और बेटे सौरभ सेमिल के नाम पर पाया गया है, जिसकी गाइडलाइन कीमत 60 लाख रुपये है। एयरपोर्ट रोड पर 45 अंजनी नगर में एक और कार्यालय संचालित हो रहा है, जहां ‘कर्निश पावर जोन’ के इस कार्यालय पर भी तलाशी जारी है। देवासनाका क्षेत्र में सिद्धार्थ फार्म के पास एक अन्य कार्यालय भी मिला है। बेटे की फर्म शुभम इलेक्ट्रिकल के नाम से 15 लाख रुपये की महिंद्रा कंपनी की एक इलेक्ट्रिक कार खरीदी गई है।

आय से अधिक संपत्ति का खुलासा

लोकायुक्त की जांच में पता चला है कि सेमिल की नौकरी के दौरान कुल आय दो करोड़ रुपये थी, जबकि उन्होंने साढ़े छह करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इस प्रकार, इंजीनियर के पास 7.16 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति मिली है, जो उनकी अब तक की कुल आय का 258 प्रतिशत है।