बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर की बाणगंगा पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को तीन लाख रुपये में बेचने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए उसकी शादी कराने और उसे दूल्हे के घर से चोरी करने के लिए प्रेरित करने के मामले में दूल्हे और उसके पिता सहित गिरोह से जुड़े दो लोगों को सोमवार को गिरफ्तार किया।
सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें 6 अगस्त तक के लिए रिमांड पर लिया गया है। इस मामले में पुलिस को अभी लड़की के दोस्त और चार दलालों की तलाश है।
पुलिस पकड़े गए आरोपियों से फर्जी दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
मामले का विवरण
टीआई सियाराम गुर्जर के अनुसार, 15 साल की नाबालिग लड़की को बेचकर उसकी शादी कराने के मामले में राकेश यादव को गिरफ्तार किया गया था।
राकेश यादव की निशानदेही पर संजय पाटीदार, उसके पिता और एक अन्य व्यक्ति को भी पुलिस ने हिरासत में लिया था।
राकेश ने अपनी दोस्त सोनू बंजारा का नाम बताया था। पुलिस को इस मामले में किशोर चौहान, कच्छूलाल गुर्जर, लालसिंह गुर्जर और बाबू दादा के नामों की जानकारी मिली है।
आरोपियों के बीच संपर्क
टीआई को जानकारी मिली है कि कच्छूलाल गुर्जर और लालसिंह गुर्जर दूल्हे संजय पाटीदार के संपर्क में थे। वहीं, बाबू दादा, सोनू और किशोर, लड़की के दोस्त राकेश के संपर्क में थे।
इन सभी ने मिलकर लड़की को बड़नगर में बेचा था।
संजय पाटीदार ने अपने बयान में बताया कि उसे यह जानकारी दी गई थी कि लड़की के माता-पिता को रुपयों की बहुत आवश्यकता है, जिसके चलते उसने शादी के लिए हाँ कर दी थी।
फर्जी दस्तावेज
राकेश और संजय से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि उन्होंने नाबालिग लड़की की जन्मतिथि में बदलाव किया था। उन्होंने ये दस्तावेज ऑनलाइन मोबाइल शॉप से बनवाए थे।
पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर उक्त दुकानदार के संबंध में जानकारी जुटाने जाएगी। पुलिस दुकानदार को भी आरोपी बना सकती है।
गुमशुदगी मामलों पर नए आदेश
इस बीच, सोमवार को जारी हुए शासन के आदेश के बाद प्रदेशभर के थानों में गुम इंसानों को लेकर सीधे एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन आदेशों में नाबालिगों से जुड़े मामलों में अपहरण की धाराओं में कार्रवाई करने की बात कही गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने भी इसे लेकर जानकारी मांगी है।
इसके बाद सोमवार और मंगलवार को थानों में पिछले दिनों गुमशुदा हुए मामलों में सीधे एफआईआर दर्ज की गईं। दो दिन में सभी थाना क्षेत्रों में 50 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई हैं।

