BREAKING NEWS
2026-08-14

इंदौर में संपत्तियों का पंजीयन 8.5 प्रतिशत बढ़ा, राजस्व में 14 प्रतिशत की वृद्धि

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर के प्रॉपर्टी बाजार में एक बार फिर तेजी दिखाई देने लगी है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत से ही संपत्तियों की खरीद-बिक्री में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल से जुलाई के बीच पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में 8.5 प्रतिशत अधिक संपत्तियों का पंजीयन हुआ है। संपत्तियों की बढ़ी खरीद-बिक्री से सरकार को मिलने वाले राजस्व में भी 14 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

पंजीयन और राजस्व आंकड़े

पंजीयन विभाग के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में अप्रैल से जुलाई के बीच जिले में 53,925 दस्तावेज पंजीकृत हुए थे। इस वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा बढ़कर 58,549 दस्तावेज हो गया है, यानी चार माह में पिछले वर्ष की तुलना में 4,624 अधिक दस्तावेज पंजीकृत किए गए। यह बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि संपत्ति बाजार में खरीदारों की सक्रियता बढ़ी है और आवासीय के साथ-साथ अन्य श्रेणी की संपत्तियों में भी लेनदेन बढ़ रहा है। वरिष्ठ पंजीयक अमरेश नायडू का कहना है कि प्रत्येक माह बड़ी संख्या में दस्तावेज पंजीकृत हो रहे हैं। अधिकांश दस्तावेज नए क्षेत्रों और शहरी सीमा से लगी हुई कॉलोनियों के हो रहे हैं।
संपत्तियों के बढ़ते पंजीयन का सीधा असर सरकारी राजस्व पर भी पड़ा है। अप्रैल से जुलाई 2025-26 के दौरान पंजीयन विभाग को 719.43 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। वहीं, चालू वित्तीय वर्ष की इसी अवधि में राजस्व बढ़कर 820.41 करोड़ रुपये पहुंच गया। इस तरह विभाग को पिछले साल की तुलना में 100.98 करोड़ रुपए अधिक राजस्व प्राप्त हुआ है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के जुलाई माह में 17,664 दस्तावेज पंजीकृत हुए हैं, जबकि गत वर्ष इसी माह में 16,841 दस्तावेज पंजीकृत हुए थे। यानी बीते वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष जुलाई में 823 दस्तावेज अधिक पंजीकृत हुए। राजस्व भी 218.16 करोड़ से बढ़कर 252.47 करोड़ रुपये पहुंच गया है। जून माह में भी इस वर्ष 14,584 दस्तावेज पंजीकृत हुए थे और 228.23 करोड़ रुपये राजस्व मिला था।

Advertisement

क्षेत्रवार स्थिति

शहर में तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में प्रॉपर्टी बाजार की गतिविधियां ज्यादा दिखाई दे रही हैं। कनाड़िया, बायपास, पिपल्याहाना, बिचौली मर्दाना, देवगुराड़िया क्षेत्र के अलावा सुपर कॉरिडोर, राऊ, रंगवासा, हातोद क्षेत्र में संपत्तियों की खरीदी-बिक्री में तेजी है। पुराने इंदौर में जरूर खरीदी धीमी है। इसलिए चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल से जुलाई के बीच पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में 1,079 दस्तावेज कम पंजीकृत हुए। इस वित्तीय वर्ष में 13,782 दस्तावेज पंजीकृत हुए, जबकि बीते वित्तीय वर्ष में 14,861 दस्तावेज पंजीकृत हुए थे।

दरों में संभावित वृद्धि

इंदौर की 46 प्रतिशत लोकेशन पर दरें बढ़ेंगी, जिनमें शहरी क्षेत्र के 1,351 और ग्रामीण के 1,255 प्राइम क्षेत्र शामिल हैं। अब तक 10 आपत्तियां पहुंची हैं।