बुलंद सोच, जबलपुर।
शहर में कैफे और स्पा सेंटरों की आड़ में कथित देह व्यापार एवं अनैतिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बुधवार को पुलिस और नगर निगम ने एक संयुक्त अभियान चलाया।
यह कार्रवाई ओमती, आधारताल और गोहलपुर सहित कई थाना क्षेत्रों में एक साथ कई प्रतिष्ठानों पर की गई।
अभियान के दौरान ऐसे कैफे और प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जहाँ केबिन बनाकर ग्राहकों को घंटे के हिसाब से स्थान उपलब्ध कराया जा रहा था।
निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण नियमों और अन्य प्रावधानों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर नगर निगम ने बिल्डिंग एक्ट के तहत पाँच कैफे को सील कर दिया।
कुछ कैफे एवं स्पा सेंटरों में देह व्यापार संबंधी शिकायतों के साथ-साथ दुष्कर्म एवं अनैतिक घटनाओं को देखते हुए देर शाम यह छापेमारी अभियान चलाया गया था।
ओमती थाना क्षेत्र के अंतर्गत एरिक कैफे और डीएक्स कैफे (रसल चौक), अधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत काम 25 कैफे (अमखेरा) तथा माढोताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत कैफे चेप्टर वन और सैम कैफे (खिजरी खिरिया) को सील किया गया।
पुलिस दल ने इस दौरान नेपियर टाउन, राइट टाउन और आयकर चौराहा क्षेत्र में संचालित कुछ कैफे एवं स्पा सेंटरों पर भी छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, लंबे समय से इन स्थानों पर अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
राइट टाउन के एक स्पा सेंटर के संचालक ने पुलिस से बचने के लिए दूर तक दिखने वाले रेंज के सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे, जिससे उसने पुलिस को आते हुए देख लिया और कई लोगों को पिछले दरवाजे से भगा दिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने प्रतिष्ठानों से विजिटर रजिस्टर, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड जब्त किए हैं, जिनकी जांच यह पता लगाने के लिए की जा रही है कि वहाँ आने वाले लोगों का विवरण सही तरीके से दर्ज किया गया था या नहीं।
नगर निगम की टीम ने यह भी जांच की कि संबंधित प्रतिष्ठानों के पास वैध लाइसेंस और आवश्यक अनुमतियाँ हैं या नहीं, तथा प्रतिष्ठान संचालन, फायर सहित अन्य एनओसी को लेकर भी पूछताछ की गई।
छापेमारी के दौरान कैफे के अंदर सुनियोजित तरीके से बनाए गए केबिन और कमरे मिले हैं।
कैफे में केबिनों को पाँच सौ से सात सौ रुपये प्रति घंटे की दर से उपलब्ध कराया जा रहा था, जबकि युवक-युवतियों को एक से डेढ़ हजार रुपये में स्नैक्स के साथ कमरे उपलब्ध कराने की बात सामने आई है।
इसे भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन माना गया है।
पुलिस ने बताया कि शहर में अवैध गतिविधियों, अनियमित रूप से संचालित कैफे, स्पा सेंटर और अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी।

