बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहे तथा दिन भर रुक-रुककर हल्की वर्षा होती रही। शाम 5.30 बजे तक एयरपोर्ट क्षेत्र में 2.1 मिलीमीटर और रीगल क्षेत्र में 6 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विज्ञानियों के पूर्वानुमान के अनुसार, इंदौर में 23 और 24 जुलाई को तेज वर्षा होने की संभावना है।
भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों ने बताया कि वर्तमान में उत्तरी मध्य प्रदेश पर ऊपरी हवा का एक चक्रवात सक्रिय है। यह चक्रवात आगामी दिनों में इंदौर और उज्जैन सहित पश्चिमी मध्य प्रदेश के ऊपर पहुंचेगा।
इसके प्रभाव से इंदौर सहित प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है।
मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के रीगल स्थित वेदर स्टेशन पर पिछले दो दिनों में 16 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में रीगल क्षेत्र में कुल 350 मिलीमीटर और एयरपोर्ट क्षेत्र में 336.7 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
बुधवार को शहर में बादल छाए रहने और रुक-रुककर वर्षा होने के कारण दिनभर मौसम खुशनुमा बना रहा। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, गुरुवार को भी शहर में दिनभर बादल छाए रहेंगे और दिन में तेज वर्षा होने की संभावना है।
मानसून की हल्की फुहारों, चारों ओर फैली हरियाली और ठंडी हवा ने प्राणी संग्रहालय की रौनक बढ़ा दी है। सुहावने मौसम के चलते बड़ी संख्या में परिवार, बच्चे और युवा चिड़ियाघर घूमने पहुंचे।
हरियाली से घिरे रास्तों पर लोगों को आराम से टहलते और वन्यजीवों को करीब से देखते हुए देखा गया। बच्चों में बाघ, शेर, भालू, हिरण, मगरमच्छ और रंग-बिरंगे पक्षियों को देखने का विशेष उत्साह था।
कई आगंतुक जानवरों की गतिविधियों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखे। वर्षा के बाद साफ वातावरण और पेड़ों से टपकती बूंदों ने पूरे परिसर को और अधिक आकर्षक बना दिया था।
इसके अतिरिक्त, मध्य प्रदेश के 43 जिलों में, जिनमें भोपाल और इंदौर भी शामिल हैं, वर्षा होने की संभावना है। अगले पांच दिनों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।

