BREAKING NEWS
2026-08-08

केंद्रीय बैंकों ने जून 2026 में रिकॉर्ड 51 टन सोने की खरीद की, इंदौर में सोना 2500 रुपये और चांदी 1000 रुपये बढ़ी

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

दुनियाभर के सेंट्रल बैंकों ने जून में सोने की रिकॉर्ड खरीदारी की। दरअसल, घटी कीमतों का लाभ लेने के लिए तमाम देशों ने सोने की खरीदारी की थी।
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (डब्ल्यूजीसी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 में दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों ने शुद्ध रूप से 51 टन सोना खरीदा है। यह इस साल किसी भी एक महीने में केंद्रीय बैंकों द्वारा की गई सबसे बड़ी खरीदारी है।
खरीदारी का आंकड़ा लगातार तीसरे महीने बढ़ता नजर आया है। जून के महीने में सोने की खरीदारी में पोलैंड और चीन सबसे आगे रहे।
नेशनल बैंक आफ पोलैंड 19 टन के साथ सबसे बड़ा खरीदार रहा। इसके साथ ही इस साल की पहली छमाही में इसकी कुल खरीद 82 टन तक पहुंच गई है।
चीन ने 15 टन सोने की खरीदारी की। पीपुल्स बैंक आफ चाइना लगातार 20वें महीने अपने स्वर्ण भंडार में बढ़ोतरी करता दिखा।
अन्य खरीदार देशों में उज्बेकिस्तान (9 टन), कजाकिस्तान (7 टन), सिंगापुर (7 टन) और जॉर्डन (3 टन) प्रमुख रहे। चेक गणराज्य, घाना और जॉर्जिया ने भी इस महीने बाजार में दोबारा प्रवेश कर खरीदारी की।
हालांकि, तुर्की और रुस की ओर से सोने की बिक्री की गई।

Advertisement

अंतरराष्ट्रीय बुलियन बाजार में सोने-चांदी की चाल

वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच सुरक्षित निवेश (सेफ हेवन) की बढ़ती मांग के चलते गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय बुलियन मार्केट में सोना पिछले सात सप्ताह के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।
अमेरिक और ईरान के बीच संभावित समझौते की उम्मीद से पश्चिम में तनाव कम होने के संकेत मिल रहे हैं, फिर भी अमेरिकी ब्रांड यील्ड में गिरावट ने सोने को मजबूती प्रदान की है।
गुरुवार को कामेक्स पर सोना वायदा 113 डॉलर बढ़कर 4268 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी वायदा 59 सेंट बढ़कर 61.77 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।
कामेक्स वायदा पर सोना 4268 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 4304 डॉलर और नीचे में 4244 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया। चांदी 61.77 डॉलर तक जाने के बाद ऊपर में 62.89 डॉलर और नीचे में 61.53 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती देखी गई।

भारतीय और इंदौर के बाजारों पर असर

इसके चलते भारतीय बाजारों में भी सोने-चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। गुरुवार को इंदौर में सोना केडबरी 2500 रुपये बढ़कर 145500 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी चौरसा 1000 रुपये बढ़कर 225000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
सोने-चांदी की कीमतों में आई अचानक तेजी की वजह से ज्वेलर्स भी बाजार में कुछ सक्रिय देखे गए हैं, क्योंकि अगले सप्ताह से बाजार में राखी पूर्व की पूछताछ धीरे-धीरे बाजार में आने की संभावना है।
इंदौर के बंद भाव में सोना केडबरी रवा नकद में 145500 रुपये, सोना आरटीजीएस में 147800 रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) और सोना 22 कैरेट 135500 रुपये प्रति दस ग्राम (जीएसटी अतिरिक्त) रहा। बुधवार को सोना 143000 रुपये पर बंद हुआ था।
चांदी चौरसा 225000 रुपये, आरटीजीएस 223100 रुपये, चांदी टंच 225800 रुपये प्रति किलो और चांदी सिक्का 2570 रुपये (प्रति नग) के भाव बोले गए। बुधवार को चांदी 224000 रुपये पर बंद हुई थी।