बुलंद सोच, भोपाल।

मध्य प्रदेश में 1 अप्रैल 2023 से 30 जून 2026 तक, सवा तीन साल की अवधि में, रेलवे ने कुल 33 नई ट्रेनें शुरू की हैं। इस दौरान प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर की हिस्सेदारी महज 6 प्रतिशत रही, जहां केवल 2 नई ट्रेनें शुरू की गईं। इंदौर को मिली नई ट्रेनों में इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस और महू-इंदौर-नई दिल्ली एक्सप्रेस शामिल हैं। यह जानकारी रेल मंत्रालय द्वारा राज्यसभा में एक सवाल के लिखित जवाब में सामने आई है।
नई ट्रेनों के संचालन का आधार
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि किसी भी नए रेलमार्ग या ट्रेन की शुरुआत ट्रैक की क्षमता, उपलब्ध रूट, रोलिंग स्टॉक, कोच रखरखाव की सुविधाओं और यात्रियों की मांग के आधार पर तय की जाती है। इसके अतिरिक्त, रेलवे ने पिछले दो सालों में मध्य प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों पर 68 ट्रेनों को नए हॉल्ट (स्टॉपेज) भी दिए हैं।
शहरों को मिली नई ट्रेनें
राजधानी भोपाल और रानी कमलापति स्टेशन से सर्वाधिक 5 नई ट्रेनें शुरू की गईं। इनमें हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति वंदे भारत, रानी कमलापति-जबलपुर वंदे भारत, भोपाल-रीवा एक्सप्रेस, भोपाल-चोपन एक्सप्रेस और भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस शामिल हैं। संस्कारधानी जबलपुर और ग्वालियर को 4-4 नई ट्रेनों की सौगात मिली। जबलपुर से जबलपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, जबलपुर-पुणे एक्सप्रेस, जबलपुर-रायपुर एक्सप्रेस और जबलपुर-गोंदिया पैसेंजर शुरू की गईं। वहीं, ग्वालियर से हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत, एसएमवीटी बेंगलुरु-ग्वालियर एक्सप्रेस और ग्वालियर-इटावा मेमू के साथ ग्वालियर-सुमावली के बीच तीन मेमू ट्रेनें संचालित की गईं।
छोटे शहरों और पैसेंजर रूटों पर भी संचालन
रीवा, खजुराहो, छिंदवाड़ा, बीना और खंडवा को 2-2 नई ट्रेनें मिली हैं। रीवा से रीवा-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस और रीवा-हडपसर एक्सप्रेस शुरू हुईं। खजुराहो को बनारस-खजुराहो वंदे भारत और हजरत निजामुद्दीन-खजुराहो वंदे भारत मिली। छिंदवाड़ा और नैनपुर के बीच दो पैसेंजर ट्रेनें शुरू की गईं, जबकि बीना से बीना-कोटा, बीना-गुना और बीना-रूठियाई रूट पर मेमू सेवाएं शुरू हुईं। खंडवा-सनावद के बीच 2 मेमू ट्रेनें और नैनपुर-मंडला फोर्ट, प्रताप नगर-आलीराजपुर, इतवारी-रीवा और सोगरिया-दानापुर रूट पर भी नई ट्रेनें चलाई गईं।
मध्य प्रदेश में 10 वंदे भारत एक्सप्रेस
रेलवे मध्य प्रदेश के अलग-अलग शहरों से कुल 10 वंदे भारत एक्सप्रेस (अप-डाउन मिलाकर) का सफल संचालन कर रहा है। इनमें रानी कमलापति, रीवा, इंदौर और खजुराहो जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। ये अत्याधुनिक ट्रेनें मध्य प्रदेश को नई दिल्ली (हजरत निजामुद्दीन), नागपुर और बनारस जैसे प्रमुख राष्ट्रीय शहरों से सीधे जोड़ती हैं।

