BREAKING NEWS
2026-07-23

मध्य प्रदेश में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, 30 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, भोपाल।

लगभग दो से तीन सप्ताह की सुस्ती के बाद मध्य प्रदेश में मानसून ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 24 घंटे के दौरान भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर सहित 30 से अधिक जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है।

सर्वाधिक 4.1 इंच बारिश राजगढ़ जिले में दर्ज की गई।

Advertisement

राजगढ़ के अतिरिक्त रायसेन में 2.5 इंच, उमरिया में 2 इंच, नरसिंहपुर और सागर में 1.5-1.5 इंच, टीकमगढ़ में 1.1 इंच तथा मंडला में 1 इंच बारिश हुई।

भोपाल, सीहोर, विदिशा, ग्वालियर, जबलपुर, नर्मदापुरम, उज्जैन, देवास, रीवा, सतना, बालाघाट, गुना, शाजापुर और दमोह सहित कई अन्य जिलों में भी झमाझम बारिश हुई।

मौसम विभाग ने आगामी 24 से 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है।

इसी बीच, रायसेन जिले में एक सड़क धंसने की घटना भी सामने आई है।

बारिश का दौर लौटने के बावजूद प्रदेश में मानसून अब भी कमजोर बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 268.1 मिलीमीटर (10.5 इंच) बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि तक 323.2 मिलीमीटर (12.7 इंच) बारिश होनी चाहिए थी।

इसका अर्थ है कि प्रदेश में अभी भी 17 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश सामान्य से 12 प्रतिशत कम और पूर्वी हिस्से में 17 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

अगले दो दिनों तक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे खरीफ फसलों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

राजधानी भोपाल में सोमवार देर रात शुरू हुई बारिश मंगलवार को पूरे दिन रुक-रुककर जारी रही।

कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश के बीच दिनभर आसमान बादलों से घिरा रहा, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। लंबे समय से अच्छी बारिश नहीं होने के कारण शहर में उमस और गर्मी से लोग परेशान थे।

मंगलवार को हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस से बड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग के अनुसार, भोपाल में अगले 24 से 48 घंटे तक रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।