BREAKING NEWS
2026-08-03

नरसिंहपुर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, नरसिंहपुर।

राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 44 पर करेली के शिफानी ढाबा के समीप शनिवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक अनियंत्रित तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार महिला की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि उनके पति और एक रिश्तेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

Advertisement

मिली जानकारी के अनुसार, करेली थाना क्षेत्र के ग्राम मड़ेसुर निवासी लखन पिता निजाम सिंह ठाकुर (53 वर्ष) अपनी पत्नी तुलसाबाई ठाकुर (50 वर्ष) एवं साढू भाई रामेश्वर पिता रज्जू ठाकुर (50 वर्ष, निवासी गोंगावरी) के साथ बाइक से ग्राम कचवा में एक गंगाजली कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। शाम करीब 7 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी शिफानी ढाबा के पास पीछे से आ रही अज्ञात कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए करेली के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने तुलसाबाई की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल नरसिंहपुर रेफर कर दिया। वहाँ देर रात इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।

घटना के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने वैधानिक पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मर्ग डायरी जांच हेतु करेली थाना भेजी जा रही है। पुलिस फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी है।