बुलंद सोच, सागर।

सागर की खुरई शहर पुलिस ने एक अंतरजिला ट्रैक्टर चोर गिरोह का पर्दाफाश करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत गिरोह के तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 21 लाख 20 हजार रुपये मूल्य के चार चोरी के ट्रैक्टर और दो मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
यह कार्रवाई 25 जुलाई 2026 को खुरई निवासी अरविंद यादव और उनके पड़ोसी वीरेंद्र यादव द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद शुरू हुई। उन्होंने बताया था कि पॉलीटेक्निक कॉलेज के पास उनके घर के बाहर खड़े दो स्वराज 735 ट्रैक्टर अज्ञात चोर रात में चुरा ले गए थे। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, नरेंद्र सोलंकी और एसडीओपी प्रवीण अष्ठाना के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह दांगी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए भोपाल निवासी अंकुष उइके और संतोष उइके को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर अंकुष उइके और संतोष उइके ने अपने साथी अनुराग उर्फ अन्नू मालवीय के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि चोरी के ट्रैक्टर शिवपुरी निवासी मोहर सिंह गुर्जर को बेचने के लिए दिए गए थे। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर मोहर सिंह के कब्जे से दोनों ट्रैक्टर बरामद कर लिए।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने मई 2026 में गैरतगंज (रायसेन) से एक स्वराज 735 ट्रैक्टर और जुलाई 2026 में खामखेड़ा (विदिशा) से एक स्वराज 733 ट्रैक्टर चोरी किया था। पुलिस ने इन दोनों ट्रैक्टरों को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अंकुष उइके (21 वर्ष) निवासी क्रेशर बस्ती, अयोध्या नगर, भोपाल; संतोष उइके (19 वर्ष) निवासी क्रेशर बस्ती, अयोध्या नगर, भोपाल; और मोहर सिंह गुर्जर (40 वर्ष) निवासी ग्राम गांगुली (हाल निवास: फक्कड़ कॉलोनी, शिवपुरी) शामिल हैं।

