बुलंद सोच, रायसेन।
रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज स्थित वीर सावरकर शासकीय महाविद्यालय में आयोजित बीएड तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में ‘डमी कैंडिडेट’ बैठाकर परीक्षा दिलाने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने लगभग चार माह तक चली जांच के बाद चार आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 17 फरवरी को बीएड तृतीय सेमेस्टर के ‘पेडागाजी ऑफ स्कूल’ विषय की परीक्षा के दौरान खुला, जब दो परीक्षार्थियों की पहचान पर संदेह हुआ।
जांच में सामने आया कि रेणु महाविद्यालय मंडीदीप की छात्रा कृति आनंद के स्थान पर मोनिका विश्वकर्मा और प्रदीप कुमार के स्थान पर मनिभूषण कुमार परीक्षा दे रहे थे।
फ्लाइंग स्क्वॉड के परीक्षा केंद्र पहुँचने से पहले ही मनिभूषण कुमार फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी छात्र प्रदीप कुमार, मनिभूषण कुमार, कृति आनंद और मोनिका विश्वकर्मा के विरुद्ध मामला दर्ज किया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
औबेदुल्लागंज थाना प्रभारी वीपी सिंह ने बताया कि फर्जी परीक्षार्थियों की व्यवस्था करने, उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुँचाने और पूरी साजिश को अंजाम देने में किसी गिरोह या अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
