BREAKING NEWS
2026-08-04

सागर में फ्रेंडशिप-डे पर घोघरा जलप्रपात में 12वीं के छात्र की डूबने से मौत

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, सागर।

देवरी से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां महाराजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मुहली स्थित घोघरा जलप्रपात में फ्रेंडशिप-डे मनाने गए एक छात्र की डूबने से मौत हो गई।

Advertisement

रविवार दोपहर छह दोस्त जलप्रपात देखने और नहाने पहुंचे थे, जहां नहाने के दौरान यह हादसा हुआ। मृतक छात्र सरस्वती शिशु मंदिर देवरी में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत ललित साहू था।

सभी दोस्त कोचिंग के बाद करीब 11 बजे घोघरा जलप्रपात पहुंचे थे। रविवार का दिन होने के कारण जलप्रपात पर अन्य पर्यटकों की भीड़ थी।

जानकारी के अनुसार, ललित साहू और उसका साथी केशव रजक तैरना नहीं जानते थे, इसलिए वे पहले किनारे पर ही खड़े थे। इसी दौरान उनके अन्य चार दोस्त पानी में नहाने लगे।

अन्य दोस्तों को देखकर ललित और केशव भी पानी में उतर गए और गहरे कुंड में डूबने लगे। साथियों ने केशव रजक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन ललित गहरे पानी में समा गया।

कुंड की गहराई लगभग 50 फीट बताई गई है, हालांकि वहां मौजूद लोगों ने इसे 40 से 45 फीट गहरा बताया था। काफी तलाश के बाद भी ललित का पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।

दोपहर करीब एक बजे महाराजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद ललित का शव गहरे पानी में पत्थरों के बीच फंसा मिला, जिसे बाहर निकाला गया।

महाराजपुर थाना प्रभारी अजय भदौरिया के अनुसार, छात्र का शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।