बुलंद सोच, शिवपुरी।

शिवपुरी जिले की पिछोर तहसील क्षेत्र में बीती रात मूसलाधार बारिश हुई। लगातार हुई भारी बारिश के कारण क्षेत्र की जीवनदायिनी महुअर नदी उफान पर आ गई है।
नदी-नालों के ओवरफ्लो होने से ग्राम पंचायत गुरुकुदवाया, सजोर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात निर्मित हो गए हैं। रात भर हुई तेज बारिश के चलते निचले इलाकों में पानी भर गया है।
गुरुकुदवाया पंचायत के कई घरों में 2 से 3 फीट तक पानी घुस गया, जिससे ग्रामीणों का घरेलू सामान खराब हो गया। शासकीय स्कूलों में भी पानी भरने से स्कूल परिसर जलमग्न हो गए हैं।
बारिश के कारण गांव की सड़कें, गलियां और खेत तालाब में बदल गए हैं। कई जगह रास्ता बंद होने से विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंच सके, जिससे बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों को भी रोजमर्रा के कामों और आवागमन में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
सजोर और आसपास के गांवों में भी नदी का पानी घुसने से स्थिति गंभीर बनी हुई है। खेतों में खड़ी फसलें जलमग्न हो गई हैं, जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है।
फिलहाल क्षेत्र में बारिश का दौर जारी है और महुअर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कर राहत कार्य शुरू करने और जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
एक अन्य जानकारी के अनुसार, शिवपुरी में अत्याधुनिक मिसाइल प्लांट खोला जाएगा, जिससे 5000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

