बुलंद सोच, ग्वालियर।
दतिया विधानसभा उपचुनाव का परिणाम आज घोषित होगा। शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज स्थित मतगणना केंद्र पर सुबह 8 बजे से मतों की गणना प्रारंभ हो गई है।
मतगणना में सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की गई, जिसके बाद सुबह 8:30 बजे से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के मतों की गणना शुरू हुई। पूरे विधानसभा क्षेत्र के लिए वोटों की गिनती 15 राउंड में पूरी होगी और दोपहर तक परिणाम स्पष्ट होने की संभावना है।
मतगणना के लिए 20 ईवीएम गिनती टेबल और एक डाक मतपत्र टेबल स्थापित की गई है। प्रत्येक टेबल पर एक सुपरवाइजर, एक गणना सहायक और एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किया गया है। मतगणना कार्य में 350 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी लगाए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की व्यापक तैनाती की गई है। उपचुनाव में कुल 71.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।
इस उपचुनाव में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आशुतोष तिवारी और कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच माना जा रहा है।
भाजपा ने संगठन की मजबूती, पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के प्रभाव और सरकार की विभिन्न योजनाओं के आधार पर जीत का दावा किया है। वहीं, कांग्रेस ने स्थानीय मुद्दों, सत्ता विरोधी माहौल और अपने परंपरागत जनाधार के सहारे बढ़त की उम्मीद जताई है।
मतगणना से पहले दोनों प्रमुख दलों ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने 25 हजार मतों से जीत का दावा किया, जबकि भाजपा नेताओं ने भारी मतों से विजय का भरोसा जताया।
ऐसे में परिणाम यह तय करेगा कि दतिया में भाजपा का प्रभाव कायम रहता है या कांग्रेस वापसी करती है।
मतगणना प्रक्रिया में सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती के बाद ईवीएम से वोटों की गणना शुरू होने पर सुबह 9 बजे से रुझान मिलने लगेंगे। मतगणना कार्य को सुचारु, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए कर्मचारियों को विभिन्न प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया है।

