BREAKING NEWS
2026-07-31

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आज मतदान, 2.20 लाख मतदाता तय करेंगे 21 प्रत्याशियों का भाग्य

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, दतिया।

आज मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। वोटर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। दतिया विधानसभा क्षेत्र के कुल 2,20,410 मतदाता 291 मतदान केंद्रों पर मतदान करेंगे। इन मतदाताओं में 1,16,116 पुरुष, 1,04,284 महिला और 10 अन्य मतदाता शामिल हैं। कुल 291 मतदान केंद्रों में से 185 ग्रामीण मतदान केंद्र और 106 शहरी मतदान केंद्र हैं। इनमें 233 क्रिटिकल और 28 वल्नरेबल मतदान केंद्र भी शामिल हैं। स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन क्षेत्र को 36 सेक्टरों में बांटा गया है और 36 सेक्टर अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। मतदान प्रक्रिया के दौरान 1,280 मतदान कर्मी और 215 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे।

उपचुनाव का कारण

दतिया सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के बाद खाली हुई थी। उन्होंने वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को पराजित किया था। राजेंद्र भारती की सदस्यता एक पुराने बैंक धोखाधड़ी मामले में उनकी दोषसिद्धि के बाद समाप्त की गई। यह मामला वर्ष 1998 का है, जिसमें आरोप था कि उनकी मां के नाम से संचालित संस्था की बैंक एफडी को नियमों के विपरीत बढ़ाकर उससे राशि निकाली गई थी। अदालत ने इसे बैंक धोखाधड़ी का मामला मानते हुए सजा सुनाई थी। बचाव पक्ष का कहना है कि यह मामला बहुत पुराना है और इसके पीछे राजनीतिक कारण भी हैं। इस मामले में उनकी याचिका सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है।

Advertisement

चुनावी मैदान में प्रत्याशी

दतिया विधानसभा उपचुनाव में कुल 21 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस की ओर से घनश्याम सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। दामोदर यादव मुकाबले को त्रिकोणीय बना सकते हैं। इनके अलावा 18 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव मैदान में हैं। इन सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला दतिया के 2,20,000 मतदाता करेंगे। चुनाव परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।

पूर्व मतदान रिकॉर्ड

दतिया विधानसभा क्षेत्र में मतदान के पूर्व रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में 80.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जो अब तक का सर्वाधिक है। यह वर्ष 1957 के बाद का उच्चतम मतदान प्रतिशत था, जब सबसे कम 41.51 प्रतिशत मतदान हुआ था। अन्य वर्षों में मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा: 1962 में 55.59%, 1972 में 62.79%, 1977 में 60.16%, 1980 में 52.54%, 1985 में 50.25%, 1990 में 60.60%, 1993 में 63.44%, 1998 में 63.36%, 2008 में 73.31%, 2013 में 75.31% और 2018 में 77.20%। पिछले तीन लोकसभा चुनावों में, दतिया विधानसभा क्षेत्र में मतदान विधानसभा चुनावों की तुलना में कम रहा है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में दतिया में 66.57 प्रतिशत मतदान हुआ था। स्थानीय उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं के लिए मतदाताओं को घरों से निकालकर मतदान केंद्र तक लाना सबसे चुनौतीपूर्ण कार्य होगा। देश और मध्य प्रदेश में मतदाताओं में जागरूकता बढ़ी है, जिसके कारण अब पहले की अपेक्षा अधिक मतदान होने लगा है।