बुलंद सोच, इंदौर।
इंदौर शहर में बुधवार को दिनभर बादल छाए रहे तथा कुछ हिस्सों में थोड़ी देर के लिए तेज बौछारें पड़ीं।
एयरपोर्ट क्षेत्र में शाम 5:30 बजे तक 1.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इस मानसून सत्र में शहर में अब तक कुल 365.6 मिमी वर्षा हो चुकी है। रीगल स्थित मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मौसम केंद्र पर 5.25 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, वर्तमान में अवदाब का क्षेत्र उत्तरी छत्तीसगढ़ पर बना हुआ है।
अगले 24 घंटे में इसके छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने की संभावना है।
दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश पर भी चक्रवाती हवाओं का घेरा बना हुआ है।
इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पूर्वी और मध्य मध्य प्रदेश में अच्छी वर्षा होने की संभावना है।
आगामी वर्षा का अनुमान
गुरुवार को इंदौर में मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
धार, झाबुआ, देवास और बुरहानपुर जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 30 जुलाई के बाद इंदौर में भी भारी वर्षा के आसार हैं।

