BREAKING NEWS
2026-08-08

इंदौर: एयरलाइंस में नौकरी का झांसा देकर 3.68 लाख की ठगी, आरोपी वैभव मेहता पर केस दर्ज

bulandsochnews Senior News Reporter

बुलंद सोच, इंदौर।

इंदौर में एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन छात्र-छात्राओं से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ठग ने उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र भी बनाकर दिए थे। छात्रों के एयरपोर्ट पहुंचने पर अधिकारियों ने धोखाधड़ी का खुलासा किया। बुधवार को आरोपित के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कर केस दर्ज किया गया।

Advertisement

आरोपी और पीड़ित

तुकोगंज पुलिस ने मनस्वी गहलोत, रितेश वर्मा और अमित प्रजापति की शिकायत पर आरोपित वैभव मेहता के खिलाफ केस दर्ज किया है। वैभव मेहता विनोबा नगर का निवासी है। तीनों छात्र-छात्राएं एमजी रोड स्थित अक्शा इंटरनेशनल कोचिंग इंस्टीट्यूट में कोर्स कर रहे थे। अमित ने डिप्लोमा इन एविएशन और रितेश तथा मनस्वी ने क्रू मेंबर का कोर्स किया था। आरोपित वैभव मेहता भी इसी इंस्टीट्यूट में पढ़ाता था।

नौकरी का झांसा और ठगी

इंस्टीट्यूट से नौकरी छोड़ने के बाद भी वैभव ने छात्रों से संपर्क बनाए रखा और उन्हें नौकरी का झांसा दिया। आरोपित ने तीनों को एमजी रोड स्थित एक कैफे पर बुलाया। वहां उसने बताया कि वह एयरलाइंस में नौकरी लगवा सकता है। वैभव ने अमित को एयरपोर्ट अथॉरिटी में लाउंज सुपरवाइजर और मनस्वी व रितेश को इंडिगो एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपित ने इन तीनों से कुल 3 लाख 68 हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद उसने फर्जी नियुक्ति पत्र और एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) बनाकर दिए।

धोखाधड़ी का खुलासा

तीनों छात्र नौकरी के लिए देवी अहिल्या विमानतल पर पहुंचे और अपनी नियुक्ति की जानकारी दी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने नियुक्ति पत्र देखकर बताया कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है।