बुलंद सोच, इंदौर।
जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों के साथ ही स्कूलों की मेस और कैंटीनों में अमानक खाद्य सामग्री के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत बुधवार को खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया।
इस कार्रवाई के दौरान कुल 17 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए। साथ ही, लगभग 1.35 लाख रुपये मूल्य का 208 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया गया।
विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
संयुक्त जांच दल ने हिम्मतनगर पालदा स्थित श्रीनाथ एजेंसी का निरीक्षण किया। इस दौरान लस्सी और छाछ निर्माण इकाई से दोनों उत्पादों के नमूने जांच के लिए लिए गए।
अभिषेक नगर, मूसाखेड़ी स्थित नानकसर डेयरी फार्म से पनीर, मावा, दही और घी के नमूने लिए गए। यहां जांच के दौरान 208 किलोग्राम संदिग्ध घी जब्त किया गया। संबंधित फर्म को सुधार सूचना पत्र जारी किया जाएगा।
राऊ स्थित श्री भोले कृपा डेयरी से भी दूध एवं दुग्ध उत्पादों के नमूने एकत्रित किए गए।
जागरूकता और स्पॉट टेस्टिंग
फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स के माध्यम से राऊ क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की स्पॉट टेस्टिंग की गई। इस दौरान व्यापारियों और आमजन को मिलावट की पहचान, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण के संबंध में जागरूक किया गया।
मेडीकैप्स इंटरनेशनल स्कूल में कार्रवाई
मेडीकैप्स इंटरनेशनल स्कूल की मेस और स्टोरेज का भी औचक निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि जांच में किचन के पीछे उबले आलू, कटी शिमला मिर्च, पाव सहित अन्य खाद्य सामग्री अस्वच्छ हालात में रखी मिली।
निरीक्षण के दौरान कुछ खाद्य पदार्थों की पैकेजिंग पर लेबलिंग भी अधूरी पाई गई। फ्रीजर में निर्धारित तापमान पर नहीं रखे गए फ्रोजन फिंगर चिप्स और मटर को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
इसके अतिरिक्त, जंग लगे चाकू और गंदे चापिंग बोर्ड हटवाए गए। स्कूल से पनीर, सौंफ, मूंगफली, राजमा और मूंग छिलका दाल के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
